छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पा
नवपदस्थ जिला पंचायत सीईओ ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण, आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त करने के दिए निर्देश…

नवपदस्थ जिला पंचायत सीईओ ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त करने के दिए निर्देश
रीपा, गौठान में पहुंचकर समूह का बढ़ाया उत्साह, महिला समूह को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देश पर नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी आर. के. खुंटे ने शनिवार को बलौदा एवं अकलतरा जनपद पंचायत के ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया। इस दौरान विधानसभा निर्वाचन 2023 को देखते हुए मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए मतदान केंद्र में रैंप, बिजली, पानी, फर्नीचर, शौचालय की समुचित व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने स्कूल जतन योजना के तहत अतिरिक्त कक्ष, गौठान, रीपा के कार्यों का जायजा भी लिया।
जिला पंचायत सीईओ ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बलौदा विकासखंड की ग्राम पंचायत बछौद चारपारा में स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र का निरीक्षण करते हुए रैंप, बिजली, पानी, शौचालय, फर्नीचर का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर दुरुस्त करने कहा। बछौद में मतदान केंद्र में विद्युत व्यवस्था के तहत बिजली फिटिंग करने, चारपारा में मतदान केंद्र में रैंप का सुधार करने के निर्देश दिए। इस दौरान स्कूल जतन योजना के तहत बनाए जा रहे अतिरिक्त कक्ष निर्माण का निरीक्षण करते हुए समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी उन्होंने दिए। इस दौरान जिला स्तरीय, जनपद पंचायत बलौदा सीईओ आकाश सिंह, जनपद पंचायत अकलतरा सीईओ हिमांशु गुप्ता सहित अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
स्कूली बच्चों का बढ़ाया उत्साह
जिला पंचायत सीईओ ने चारपारा स्कूल में *मेरी माटी मेरा देश* के तहत विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई माटी कलाकृतियों की प्रशंसा की। विद्यार्थियों के द्वारा बेला, गाड़ा, कृषि उपकर, घर आदि का निर्माण किया गया, जिन्हे देखकर उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
रीपा, गौठान में आजीविका के अवसर
जिला पंचायत सीईओ ने महुदा ब में सुराजी गांव गौठान एवं ग्रामीण औद्योगिक पार्क रीपा के तहत चयनित गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गौठान में मल्टीएक्टिविटी चलाई जा रही हैं, इन गतिविधियों के साथ ही स्व सहायता समूह को अधिक से अधिक अवसर प्रदान किए जाए। रीपा के तहत पेपर कप निर्माण, मिनी राइस मिल, सेनेटरी सामान के उत्पादों का निर्माण सुचारू रूप से किया जाए और उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग की जाए। अकलतरा जनपद पंचायत की किरारी और तिलई रीपा गौठान का निरीक्षण करते हुए योजनाबद्ध तरीके से समूह की महिलाओ को अधिक से अधिक आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने स्व सहायता समूह की महिलाओं से विस्तार से चर्चा करते हुए आजीविका गतिविधियों से स्वरोजगार करते हुए आगे बढ़ने कहा। इसके साथ ही मुरलीडीह पशु आश्रय स्थल का निरीक्षण करते हुए संबंधित नोडल अधिकारी, गौठान समिति, सचिव को पशुओं की सुरक्षा चारा, पानी की व्यवस्था करने, आवारा पशुओं की हाईवे पर रोकथाम करने, ग्रामीण, पशुपालकों के साथ रोका छेका अभियान चलाने, ग्रामीणों के साथ बैठक करते हुए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नियमित रूप से गोबर खरीदी करने, वर्मी कंपोस्ट तैयार करने कहा।



