सक्ती में भीषण सड़क हादसा: दो कारों की आमने-सामने टक्कर में एक की मौत, बारात जा रहे तीन लोगों में दो गंभीर घायल, जांच में जुटी पुलिस

सक्ती में भीषण सड़क हादसा: दो कारों की आमने-सामने टक्कर में एक की मौत, बारात जा रहे तीन लोगों में दो गंभीर घायल, जांच में जुटी पुलिस
सक्ती : जिले में गुरुवार की देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां नंदेली बस स्टैंड के पास दो कारों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना जैजैपुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान छिर्राडीह निवासी पुनिराम टंडन (52 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में आमाकोनी निवासी ओमकार प्रसाद चंद्रा (40 वर्ष) और अंजोर चंद्रा (27 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि तीनों लोग ट्राइबर कार क्रमांक CG 11 BN 6925 से अपने घर से ग्राम ठठारी बारात में शामिल होने जा रहे थे।
मृतक पुनीराम टंडन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही उनकी कार नंदेली बस स्टैंड के पास पहुंची, सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक CG 04 HA 5832 ने सीधे सामने से टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें ट्राइबर मे सवार पुनिराम टंडन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल होकर वाहन में फंस गए।
घटना की जांच कर रही पुलिस
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जैजैपुर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल में दोनों घायलों का इलाज जारी है।
जैजैपुर थाना प्रभारी भूपेंद्र चंद्रा ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है। फिलहाल दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।



