Reg No. CG-06-0026209
IMG-20250604-WA0015-1
IMG-20250604-WA0014-1
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.56.31 (1)
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.55.51 (1)
b5ce874a-8a3f-482a-9d4a-eaf6ab18dc7e
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर

डोंगाकोहरौद सड़क आंदोलन को मिला व्यापारियों का साथ, 3 जुलाई को पामगढ़ रहेगा बंद

0 व्यापारी संघ ने ग्रामीणों की मांग का किया समर्थन, मेडिकल व आपातकालीन सेवाएं रहेंगी जारी!
 
जांजगीर-पामगढ़। डोंगाकोहरौद के ग्रामीणों द्वारा सड़क निर्माण की मांग को लेकर 3 जुलाई को प्रस्तावित आंदोलन को अब पामगढ़ के व्यापारियों का भी समर्थन मिल गया है। पामगढ़ व्यापारी संघ ने एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि ग्रामीणों की जनहित की मांग के समर्थन में 3 जुलाई को नगर के सभी व्यापारी अपने-अपने प्रतिष्ठान स्वेच्छा से एक दिन के लिए बंद रखेंगे।
व्यापारी संघ का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र के ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण आम नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह केवल किसी एक गांव का नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास और जनसुविधा से जुड़ा मुद्दा है।
बैठक में व्यापारियों ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सड़क निर्माण अत्यंत आवश्यक है। ग्रामीणों की मांग पूरी तरह जनहित से जुड़ी हुई है, इसलिए व्यापारी वर्ग भी उनके संघर्ष में सहभागी बन रहा है। संघ ने सभी व्यापारियों से स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है।
हालांकि, व्यापारी संघ ने स्पष्ट किया है कि आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेडिकल स्टोर तथा अन्य आवश्यक आपातकालीन सेवाओं को बंद से मुक्त रखा जाएगा, ताकि किसी भी व्यक्ति को आपात स्थिति में परेशानी का सामना न करना पड़े।
व्यापारी संघ ने नगरवासियों और सभी व्यापारियों से शांति, सौहार्द और अनुशासन बनाए रखते हुए एक दिवसीय बंद को सफल बनाने का आग्रह किया है। संघ का विश्वास है कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर समाज के सभी वर्गों का सहयोग प्रशासन का ध्यान आकर्षित करेगा और सड़क निर्माण की दिशा में सकारात्मक पहल होगी।
उल्लेखनीय है कि डोंगाकोहरौद के ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। इसी कड़ी में 3 जुलाई को प्रस्तावित आंदोलन के समर्थन में अब व्यापारियों के बंद के फैसले से आंदोलन को और व्यापक समर्थन मिलने की संभावना है।

See also  छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन मौसम रहेगा बदला, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!