Dhamtari News : नक्सल विरोधी सर्चिंग ऑपरेशन में बड़ी सफलता : जंगल में डंप नक्सल सामग्री की बरामद, 9 जिंदा बमों को किया डिफ्यूज…

धमतरी। धमतरी पुलिस, नगरी डीआरजी और सीएएफ खल्लारी की संयुक्त टीम को नक्सल विरोधी सर्चिंग ऑपरेशन में बड़ी सफलता मिली है। इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने जंगल में माओवादियों द्वारा डंप किए गए 9 जिंदा बम और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की।
पुलिस टीम ने चमेंदा और साल्हेभाट के बीच जंगल में सर्चिंग करते हुए 3 कुकर बम, 3 बम जो दूध पाउडर के डिब्बों से बनाए गए थे, 2 पाइप बम, 1 टिफिन बम, 1 वाकी-टॉकी, राशन, बर्तन, दवाइयाँ और अन्य दैनिक उपयोगी नक्सली सामान बरामद किया। इन सामग्रियों को विभिन्न थैलों में रखकर त्रिपाल झिल्ली और नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम में छिपाया गया था।
धमतरी पुलिस की बीडीएस (बम डिस्पोजल) टीम ने मौके पर पहुंचकर इन बमों को डिफ्यूज किया और नक्सलियों के मंसूबों को नाकाम किया। इस ऑपरेशन के बाद खल्लारी थाना में अज्ञात माओवादियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बताया कि इस कार्रवाई के बाद नगरी डीआरजी और सीएएफ की टीम को नक्सल विरोधी सर्चिंग अभियान को जारी रखने और सूचना तंत्र को मजबूत करने का निर्देश दिया गया है। इस ऑपरेशन को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र पांडेय के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया, जिसमें पुलिस बल की तत्परता और साहस ने महत्वपूर्ण सफलता दिलाई।



