CG Politics:कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर भाजपा का तंज, अरुण साव बोले- आपस में लड़कर खत्म हो जाएगी पार्टी, सांसद पांडेय ने कहा- ‘मुगली घुट्टी 555’ पिलाने की जरूरत

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान को लेकर भाजपा नेताओं ने पार्टी पर निशाना साधा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक देवेंद्र यादव के बीच विवाद को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अब आपसी लड़ाई में ही समाप्त हो जाएगी। वहीं, सांसद संतोष पांडेय ने कांग्रेस की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी को ‘मुगली घुट्टी 555’ पिलाने की जरूरत है।
जनता ने कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल को भुगता- अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस में यह सब पहले से चलता आ रहा है। छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस के पांच साल के शासनकाल को भुगता है। अब पार्टी के नेता आपस में ही लड़ रहे हैं और इस लड़ाई में कांग्रेस खुद ही समाप्त हो जाएगी।
कांग्रेस को ‘मुगली घुट्टी 555’ पिलाने की जरूरत- संतोष पांडेय
सांसद संतोष पांडेय ने भी कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के हालात किसी से छिपे नहीं हैं। दीपक बैज, टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत और भूपेश बघेल के बीच जारी खींचतान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में ऊपर से लेकर नीचे तक विवाद की स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस को फिर से ‘मुगली घुट्टी 555’ पिलाने की जरूरत है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए सचिवों और संयुक्त सचिवों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया है। इस बदलाव के तहत भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को AICC सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया। इसके अलावा विजय जांगिड समेत कुल 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों को भी उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से हटा दिया गया।
इस फैसले के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओएसडी रहे मनीष बंछोर की सोशल मीडिया पोस्ट ने विवाद को और हवा दे दी। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘बाप तो आखिर बाप होता है। जिस डाल पर बैठे हो, उसी को काटोगे तो गिरना तय है। इति सिद्धम।’ इसके बाद कांग्रेस के भीतर चल रही कथित गुटबाजी और आपसी खींचतान को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।



