Reg No. CG-06-0026209
IMG-20250604-WA0015-1
IMG-20250604-WA0014-1
Mukesh tiwari janjgir-champa (26 January 2026) (Page-03).jpg
Mukesh tiwari janjgir-champa (26 January 2026) (Page-02).jpg
Mukesh tiwari janjgir-champa (26 January 2026) (Page-01).jpg
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर

CG NEWS : “तू मुझे नहीं जानता, मैं जैसा करता हूं वैसा इलाज कर” भाजपा के पूर्व विधायक के बेटे व भाजयुमो अध्यक्ष ने डॉक्टर को धमकाया, FIR दर्ज

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में राजनीतिक रसूख के दम पर सरकारी कर्मचारियों को धमकाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। बिलासपुर जिले के तखतपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) में रात्रिकालीन ड्यूटी कर रहे एक डॉक्टर को खुलेआम धमकाने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में भाजपा के पूर्व विधायक के पुत्र एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) मुंगेली जिलाध्यक्ष तरुण खांडेकर के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 24 जनवरी की रात लगभग 9:40 बजे की है। शिकायतकर्ता डॉ. अभिषेक पात्रो, निवासी विनोबा नगर, बिलासपुर, वर्तमान में सीएससी तखतपुर में मेडिकल ऑफिसर के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने तखतपुर थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि आरोपी तरुण खांडेकर अपनी माता को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा था।

डॉ. पात्रो के अनुसार, आरोपी ने चिकित्सकीय नियमों और प्रक्रिया को दरकिनार कर अपनी मर्जी से इलाज कराने का दबाव बनाया। जब डॉक्टर ने मेडिकल प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए ऐसा करने से इनकार किया, तो आरोपी उग्र हो गया और डॉक्टर के साथ गाली-गलौज करते हुए धमकी देने लगा। शिकायत में उल्लेख है कि आरोपी ने कहा—“तू मुझे नहीं जानता, मैं जैसा कहता हूं वैसा इलाज कर।”
इसके साथ ही आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी और अपनी राजनीतिक पहचान व प्रभाव का हवाला देकर डॉक्टर को डराने का प्रयास किया।

See also  सोठी पुछेली में रेत माफिया का बोलबाला कार्रवाई करने में खनिज विभाग के छुट रहे पशीने, खनिज विभाग के कर्मचारी बने रेत माफिया के मुखबिर कार्रवाई के लिए निकलते ही मिल जाती रेत माफियाओ को सूचना...

डॉक्टर का आरोप है कि आरोपी लगातार शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करता रहा, जिससे अस्पताल का माहौल भी तनावपूर्ण हो गया। घटना के बाद डॉ. पात्रो ने स्वयं को असुरक्षित बताते हुए पुलिस से शिकायत की।

डॉक्टर ने जताई जान का खतरा

Advertisment

डॉ. अभिषेक पात्रो ने अपनी लिखित शिकायत में स्पष्ट रूप से कहा है कि घटना के बाद वे मानसिक रूप से भयभीत हैं और रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता में हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी आरोपी की होगी।मामले की गंभीरता को देखते हुए तखतपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2) और 221 के तहत आरोपी तरुण खांडेकर के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।

See also  ट्रेनिंग से क्षमताओं को बढ़ाएं और चयन के लिए दें अपना बेस्ट - वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी, वित्त मंत्री ने अग्निवीर भर्ती के लिए निःशुल्क आवासीय शारीरिक दक्षता ट्रेनिंग का किया शुभारंभ...

राजनीतिक पृष्ठभूमि और पुराने आपराधिक मामले

बताया जा रहा है कि आरोपी तरुण खांडेकर भाजपा के पूर्व विधायक चोवादास खांडेकर का पुत्र है और वर्तमान मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले का करीबी रिश्तेदार भी बताया जा रहा है। इसके अलावा उसका संबंध एक पूर्व मंत्री के परिवार से भी बताया जा रहा है।

इतना ही नहीं, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2018 में तखतपुर क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान तरुण खांडेकर और उसके भाई निक्की खांडेकर पर पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज, मारपीट और जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगा था। उस मामले में एक आरक्षक को संवेदनशील अंगों पर गंभीर चोट आई थी और वह मौके पर बेहोश हो गया था। तब पुलिस ने धारा 186, 307, 332, 353, 392 सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया था।

See also  लाइनमेन वितरण तंत्र की नींव - भीम सिंह, रायपुर क्षेत्र के 60 लाइन कर्मियों का सम्मान...

फिलहाल तखतपुर पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा और राजनीतिक दबाव के सवाल को केंद्र में ला दिया है।

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!