BREAKING NEWS : ED ऑफिस की बिल्डिंग में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप…इसी ऑफिस में कई राजनेताओं के खिलाफ चल रही जांच…

मुंबई। BREAKING NEWS : मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां रविवार तड़के ढाई बजे मुंबई के बैलार्ड पियर स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ED) कार्यालय में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही 12 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि, छह घंटे बाद भी आग बुझाने का अभियान जारी था। फिलहाल, आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार, बैलार्ड पियर परिसर स्थित कैसर-ए-हिंद इमारत में तड़के आग लगी, जिसमें ईडी का कार्यालय भी है। आग लगने के बाद इमारत में अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड ने इस घटना को लेवल तीन की आग घोषित किया है। राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही 12 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम रातभर जारी रहा। सुबह तक आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया, लेकिन इमारत से अब भी घना धुआं उठता देखा जा सकता है। आग लगने के कारण की जांच की जा रही है, लेकिन फिलहाल कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
मुंबई स्थित ईडी कार्यालय में कई महत्वपूर्ण जांच फाइलें और दस्तावेज़ रखे गए हैं। इस कार्यालय में अब तक कई प्रमुख राजनेताओं और व्यावसायिक हस्तियों से पूछताछ भी की जा चुकी है। ऐसे में आग की घटना के बाद इन अहम दस्तावेज़ों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि यह पुष्टि करना अभी बाकी है कि इन फाइलों और दस्तावेज़ों को कोई नुकसान पहुंचा है या नहीं।



