जिला पंचायत जांजगीर-चांपा में भाजपा का लहराया परचम, सत्यालता आनंद मिरी अध्यक्ष तो गगन जयपुरिया उपाध्यक्ष हुए निर्वाचित…

जांजगीर-चांपा। जिला पंचायत जांजगीर-चांपा में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव बुधवार को संपन्न हुआ. इस दौरान कुछ सदस्यों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया. भारी गहमागहमी के बीच हुए चुनाव में भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद के लिए जिला पंचायत सदस्य सत्यालता आनंद मिरी ने अपनी दावेदारी पेश की, जिस पर उपस्थित सभी 11 सदस्यों ने अपनी सहमति जताई और वे निर्विरोध अध्यक्ष चुन ली गई. इसके पश्चात उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हुई. जानकारी के अनुसार, उपाध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी समर्थित सदस्य गगन जयपुरिया एवं राजकुमार साहू ने अपना नामांकन दाखिल किया था तो वहीं कांग्रेस समर्थित सदस्य लोकेश राठौर ने भी अपनी दावेदारी पेश की थी. नामांकन दाखिले की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात निर्वाचन को लेकर काफी गहमागहमी का माहौल बना हुआ था, लेकिन इसी बीच भाजपा समर्थित सदस्य राजकुमार साहू ने अपना नामांकन वापस ले लिया. ऐसे में भाजपा समर्थित सदस्य गगन जयपुरिया और कांग्रेस समर्थित सदस्य लोकेश राठौर मैदान पर शेष रह गए थे, परंतु ऐनवक्त पर कांग्रेस समर्थित सदस्य लोकेश राठौर ने भी अपनी दावेदारी वापस ले ली, जिस कारण भाजपा समर्थित सदस्य गगन जयपुरिया भी अध्यक्ष की भांति निर्विरोध उपाध्यक्ष से चुन लिए गए. बता दें कि यह पहला अवसर है जब जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान की प्रक्रिया करवानी नहीं पड़ी है. दोनों पदाधिकारी निर्विरोध चुन लिए गए हैं, जिससे भाजपाइयों में बेहद हर्ष का माहौल है.
एनवक्त पर दो सदस्य हुए प्रकट
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए जब नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हुई, उस वक्त जिला पंचायत में कुल 17 में से 12 सदस्य मौजूद थे, जिनमें से अधिकांश भाजपा समर्थित सदस्य ही थे. इस वजह से अध्यक्ष पद के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी करनी नहीं पड़ी और भाजपा समर्थित सदस्य सत्यालता आनंद मिरी निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हो गई. अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात जब उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हुई, उस वक्त दो सदस्य अचानक जिला पंचायत में प्रकट हो गए, जिन्होंने अध्यक्ष चुनाव में हिस्सा नहीं लिया था. इस वजह से चुनाव में काफी दिलचस्प मोड़ आ गया था, परंतु काफी जोड़-तोड़ के बाद भी उपाध्यक्ष का पद भाजपा के खाते में ही चला गया और बम्हनीडीह जनपद क्षेत्र से रिकॉर्ड मतों से चुनाव जीतकर सदस्य निर्वाचित हुए गगन जयपुरिया जिला पंचायत के निर्विरोध उपाध्यक्ष चुन लिए गए.
सक्ती में भी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का पद भाजपा के खाते में

जिला पंचायत सक्ती में भी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए बुधवार को पहली बार चुनाव हुआ, जिसमें अध्यक्ष पद के लिए द्रौपदी कीर्तन चंद्रा निर्विरोध चुन ली गई तो वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए कमल किशोर पटेल को अवसर दिया गया और वे भी निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए. बता दें कि नवनिर्वाचित दोनों पदाधिकारी भाजपा समर्थित है. दोनों पदों पर भाजपा समर्थित पदाधिकारियों के चयनित होने से क्षेत्र के भाजपाइयों में हर्ष का माहौल है।



