Bilaspur News: बिलासपुर में नकली मसालों पर प्रशासन सख्त: मिलावटी सामान बेचने वालों पर होगी FIR

बिलासपुर : बिलासपुर के व्यापार विहार इलाके में नकली और मिलावटी सामान बेचने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है। हाल ही में दो बड़ी फर्मों से नामी कंपनी के नकली मसाले और चायपत्ती मिलने के बाद खाद्य एवं औषधि विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है।
शिकायत मिलने पर विभाग ने नकली मसालों और चायपत्ती के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे हैं। प्रशासन को आशंका है कि कुछ व्यापारी ज्यादा मुनाफे के लिए लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने कंपनी प्रतिनिधियों के साथ व्यापार विहार की 8 दुकानों में जांच की। जांच के दौरान दुकानों में रखे मसाले और चायपत्ती असली पाए गए, जिससे फिलहाल राहत मिली है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरआर देवांगन ने कहा कि ब्रांडेड कंपनियों के नकली रैपर और पैकेट में सामान बेचना गंभीर अपराध है। व्यापारियों को चेतावनी दी गई है कि वे सिर्फ अधिकृत डीलरों से ही सामान खरीदें।
अधिकारियों ने साफ कहा है कि अगर किसी दुकान में दोबारा नकली या मिलावटी खाद्य पदार्थ मिले, तो संबंधित व्यापारी के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी। प्रशासन आगे भी बाजारों में लगातार जांच अभियान चलाएगा।



