बिर्रा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 26.8 किलो गांजा, कार और बाइक जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 01 अगस्त 2026। जांजगीर-चांपा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना बिर्रा क्षेत्र में 26 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा की तस्करी में प्रयुक्त एक कार और पायलटिंग के लिए इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 13 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बिर्रा पुलिस को 1 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि भटगांव की ओर से महानदी पुल पार कर बसंतपुर की दिशा में एक कार में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है तथा एक मोटरसाइकिल कार की पायलटिंग कर रही है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने मोटरसाइकिल और कार को रोककर एनडीपीएस एक्ट के तहत आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की। कार की तलाशी लेने पर अलग-अलग पैकेटों में कुल 26.800 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मामले में थाना बिर्रा में अपराध क्रमांक 99/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की। सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. विजय बघेल (22 वर्ष), निवासी ओडेकेरा, थाना जैजैपुर।
2. उत्तम चन्द्रा (41 वर्ष), निवासी जैजैपुर, थाना जैजैपुर।
3. भूरीबाई बघेल (55 वर्ष), निवासी देवरहटा, थाना हसौद, जिला सक्ती।
4. सव्या शर्मा (28 वर्ष), निवासी पदमपुर रोड, सरायपाली, जिला महासमुंद।
इनकी रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव ने किया। कार्रवाई में पीएसआई शामेष, एएसआई रामप्रसाद बघेल, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र टंडन तथा आरक्षक अर्जुन यादव, चंद्रशेखर ओगरे और वीरेंद्र कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



