भोजली आपसी भाईचारा व आस्था को दर्शाता है – बालेश्वर साहू, नकटीडीह में आयोजित भोजली महोत्सव में शामिल हुए जैजैपुर विधायक…

जांजगीर-चांपा। जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत नकटीडीह में भोजली महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक बालेश्वर साहू ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस पारंपरिक पर्व के अवसर पर बालेश्वर साहू जी ने क्षेत्रवासियों को भोजली पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। श्री साहू ने उपस्थित लोगों को कहा कि भोजली महोत्सव, छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति का प्रतीक है, जो आपसी भाईचारे, आस्था और सामाजिक एकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भोजली महोत्सव हमारी सांस्कृतिक जड़ों से हमें जोड़े रखता है। यह पर्व न केवल हमारी परंपराओं को जीवित रखता है, बल्कि समुदाय में प्रेम और एकता को भी बढ़ावा देता है। आयोजन में ग्रामीणों ने भोजली देवी की पूजा-अर्चना की और पारंपरिक गीतों व नृत्यों के साथ उत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया। विधायक ने कामना की कि भोजली मैया सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाएँ, साथ ही छत्तीसगढ़ में खुशहाली बनी रहे। ग्राम पंचायत नकटीडीह में आयोजित इस महोत्सव ने सामुदायिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का शानदार प्रदर्शन किया।
बिर्रा में भी हुआ आयोजन

बम्हनीडीह विकासखंड के ग्राम बिर्रा व नकटीडीह सहित विभिन्न स्थानों में भोजलीपर्व मनाया गया। इस अवसर पर शोभा यात्रा निकाली गई। भोजली उत्सव के भव्य भोजली विसर्जन कार्यक्रम में विधायक बालेश्वर साहू, जिला पंचायत जांजगीर-चाम्पा उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, जिला पंचायत सदस्य मोहन कुमारी साहू शामिल होकर पूजा अर्चना कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इस दौरान बिर्रा सरपंच पीलीबाई एकादशिया एवं ग्राम नकटीडीह में भोजली विसर्जन में सरपंच करमौतीन तुलसीदास गोस्वामी सहित सभी पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



