छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
जांजगीर-चांपा में यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक दिन में 16 नाबालिग वाहन चालक पकड़े, प्रत्येक पर ₹2 हजार का चालान

जांजगीर-चांपा। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर जांजगीर-चांपा पुलिस ने नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने एक ही दिन में 16 नाबालिगों को दोपहिया और चारपहिया वाहन चलाते हुए पकड़ा। सभी मामलों में मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए प्रत्येक प्रकरण में 2-2 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया। साथ ही संबंधित नाबालिगों के परिजनों को भविष्य में बच्चों को वाहन नहीं सौंपने की सख्त समझाइश दी गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में जिले में लगातार सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने चांपा और जांजगीर शहर के विभिन्न स्कूलों के आसपास, प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान कई नाबालिग छात्र-छात्राएं बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते मिले। पुलिस ने सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालान बनाया और वाहन भी जांच के दायरे में लिए। इसके बाद अभिभावकों को बुलाकर उन्हें समझाया गया कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति देना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह बच्चों और अन्य राहगीरों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनता जा रहा है। ऐसे मामलों में भविष्य में भी लगातार विशेष अभियान चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात पुलिस की अभिभावकों से अपील
यातायात पुलिस ने जिले के सभी अभिभावकों और नागरिकों से अपील की है कि नाबालिग बच्चों को किसी भी प्रकार का वाहन चलाने के लिए न दें। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। साथ ही बच्चों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।
पुलिस का कहना है कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



