Reg No. CG-06-0026209
IMG-20250604-WA0015-1
IMG-20250604-WA0014-1
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.56.31 (1)
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.55.51 (1)
b5ce874a-8a3f-482a-9d4a-eaf6ab18dc7e
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर

नशे के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस का महाअभियान: 285 लीटर शराब, 5.38 किलो गांजा जब्त, 40 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस एवं नशा मुक्ति पखवाड़ा के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिलेभर में नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान अवैध शराब, गांजा तस्करी, सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती बरती गई। अभियान के दौरान एक सप्ताह में 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 13 को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। इस दौरान ग्राम कोसमंदा में विशेष अभियान चलाकर नशे के खिलाफ जनजागरूकता के साथ-साथ अवैध शराब कारोबार पर भी बड़ी कार्रवाई की गई। यहां चार शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 74 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 285 लीटर अवैध शराब बरामद की, जिसमें 264 लीटर कच्ची महुआ शराब और 21 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब शामिल है। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
इसके अलावा थाना जांजगीर और अकलतरा क्षेत्र में छापेमारी कर दो आरोपियों के कब्जे से 5.38 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
नशा मुक्ति अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले 24 लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 14 चालकों को पकड़कर उनके वाहन जब्त किए। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां प्रत्येक पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। इस तरह कुल 1 लाख 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध शराब, गांजा तस्करी और पशु तस्करी के मामलों में जब्त एवं राजसात किए गए 65 वाहनों की नीलामी भी कराई। इनमें मोटरसाइकिल, ऑटो, चारपहिया वाहन और एक साइकिल शामिल हैं। इस कार्रवाई से अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि 26 जून का अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस केवल एक दिवस नहीं, बल्कि समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं, परिवारों और पूरे समाज को खोखला कर रहा है तथा जांजगीर-चांपा पुलिस नशे के हर नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई करती रहेगी।
इस अभियान में सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, थाना प्रभारी अकलतरा निरीक्षक भास्कर शर्मा, थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन कुमार सारथी, थाना प्रभारी बिर्रा निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव तथा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

See also  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जांजगीर में नवनिर्मित तहसील कार्यालय भवन का किया लोकार्पण, 142 वर्षों बाद जांजगीर को मिला नया तहसील भवन...

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!