Reg No. CG-06-0026209
WhatsApp Image 2026-06-28 at 09.42.10
IMG-20250604-WA0015-1
IMG-20250604-WA0014-1
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.56.31 (1)
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.55.51 (1)
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर

नकली मंगलसूत्र से 40 हजार की ठगी, लेकिन चंद घंटों में पलटी बाजी! पामगढ़ पुलिस ने दो शातिरों को दबोचा, नकदी और कार जब्त

जांजगीर-पामगढ़। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में नकली मंगलसूत्र को असली सोना बताकर ज्वेलरी कारोबारी से 40 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर ठग पुलिस के हत्थे चंद घंटों में ही चढ़ गए। आरोपियों ने खुद को जरूरतमंद बताकर सोने का मंगलसूत्र गिरवी रखने का झांसा दिया और नकली बिल दिखाकर व्यापारी को भरोसे में ले लिया। ठगी का पता चलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को बलौदा बाजार से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से ठगी की पूरी रकम 40 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई बलेनो कार भी जब्त कर ली गई है।
 
जरूरतमंद बनकर पहुंचे, नकली बिल दिखाकर लगाया चूना
जानकारी के अनुसार, 26 जून 2026 को वार्ड क्रमांक 5 चांपा निवासी एवं वर्तमान में पामगढ़ में ‘केसर लाल एंड संस’ ज्वेलरी दुकान संचालित करने वाले हिमांशु सोनी ने थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच सफेद रंग की बलेनो कार (CG 04 QY 6279) से दो व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचे। दोनों ने 50 हजार रुपये की तत्काल जरूरत होने की बात कहते हुए सोने का मंगलसूत्र गिरवी रखने की पेशकश की।
व्यापारी द्वारा मंगलसूत्र की रसीद मांगे जाने पर एक आरोपी ने खुद को अमित तिवारी बताते हुए नकली बिल प्रस्तुत किया। बिल और मंगलसूत्र देखकर व्यापारी ने उसे असली सोना मान लिया और 40 हजार रुपये गिरवी के रूप में दे दिए। रकम मिलते ही दोनों आरोपी कार में बैठकर फरार हो गए।
 
जांच में खुला राज, सोना नहीं निकला बेनटेक्स
आरोपियों के जाने के बाद जब व्यापारी ने मंगलसूत्र की बारीकी से जांच कराई तो पता चला कि वह सोने का नहीं, बल्कि बेनटेक्स का नकली मंगलसूत्र है। खुद के साथ ठगी होने का एहसास होते ही उन्होंने तत्काल थाना पामगढ़ पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 267/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
 
SP के निर्देश पर बनी टीम, साइबर सेल की मदद से दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा प्रदीप सोरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने बलौदा बाजार में दबिश देकर दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी की पूरी 40 हजार रुपये की नकद राशि और घटना में प्रयुक्त बलेनो कार जब्त कर ली। दोनों आरोपियों को 27 जून 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. अमन सोनी (22 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 9, बलौदा बाजार।
2. अमित सोनी (42 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 21, वैष्णव कॉलोनी, बलौदा बाजार, थाना सिटी कोतवाली।
 
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरे मामले का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उप निरीक्षक सुरेश जाट, सहायक उप निरीक्षक प्रमोद महार, आरक्षक श्याम ओग्रे, बेदराम पटेल, सैनिक अनिल दिनकर तथा थाना पामगढ़ की टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल ठगी की पूरी रकम बरामद हो गई, बल्कि आरोपियों को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया।

See also  थाना जांजगीर क्षेत्र के ग्राम खोखरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्टेडियम में निर्मित रनिंग ट्रैक में मोटर सायकल में स्टण्टबॉजी करने वाले 02 युवकों को पड़ा महंगा...

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!