उज्जैन के गोगापुर में रंग पंचमी पर चुल का आयोजन, अंगारों पर चलकर भगवान महादेव को करते हैं जल अर्पित

उज्जैन। रंग पंचमी के पावन अवसर पर महिदपुर रोड के समीप स्थित ग्राम गोगापुर में अतिप्राचीन गुप्तेश्वर महादेव हनुमान मंदिर परिसर में भव्य चुल का आयोजन किया गया। इस दौरान भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने धधकते अंगारों पर नंगे पैर चलकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। गोगापुर स्थित अतिप्राचीन गुप्तेश्वर महादेव हनुमान मंदिर में सदियों से चली आ रही चुल की धार्मिक परंपरा को इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाया गया। रंग पंचमी के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
क्या है मान्यता
मान्यता है कि जो भी भक्त सच्चे मन और अटूट विश्वास के साथ धधकते अंगारों पर चलकर भगवान महादेव को जल अर्पित करता है, उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और भगवान उसके दुख-कष्ट तथा आधी-व्याधि को दूर करते हैं।
भक्ति और आस्था का दिखा अनूठा संगम
इस अद्भुत धार्मिक आयोजन को देखने के लिए आसपास के गांवों और नगर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, आस्था और धार्मिक उत्साह का वातावरण बना रहा।नगर के सामाजिक कार्यकर्ता सचिन भंडारी ने बताया कि गोगापुर में यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और हर साल रंग पंचमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु चुल में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं।



