छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
श्री राम जी ही हनुमान बनकर भरत जी के प्राण की रक्षार्थ पधारते हैं- सियाराम शरण दास जी महाराज

0 रामायण में दो विवाह कैंसिल और दो विवाह सफल हुए
जांजगीर-चांपा। रामायण में दो विवाह कैंसिल हुए और दो विवाह सफल हुए भगवान श्री राम सीता और भगवान गौरी शंकर जी का विवाह सफल हुआ कारण कि इन्होंने गुरु की आज्ञा का अनुगमन किया। सूर्पनखा का विवाह कैंसिल हुआ क्योंकि वह स्वयं दूल्हा ढूंढने निकली थी, नारद का विवाह भी कैंसिल हुआ वे दुल्हन ढूंढने चले थे यह बातें व्यास पीठ की आसंदी से श्री अयोध्या धाम उत्तर प्रदेश से पधारे हुए अनंत श्री विभूषित श्री स्वामी सियारामशरण दास जी महाराज ने श्री दूधाधारी मठ महोत्सव सत्संग भवन रायपुर में श्रोताओं को श्री राम कथा का रसपान कराते हुए अभिव्यक्त किया। उन्होंने राम- रावण युद्ध से लेकर भगवान के राज्याभिषेक तक की श्री रामचरितमानस एवं वाल्मीकि रामायण की कथा श्रद्धालुओं को सुना कर मंत्र मुग्ध कर दिया और कहा कि भगवान श्री रामचंद्र जी ही हनुमान बनाकर भरत जी के पास उनकी प्राण की रक्षा के लिए पधारते हैं वे जानते हैं कि देरी होने पर कोई अनहोनी न हो जाए, भाई भारत सत्य प्रतिज्ञ हैं। कथा विश्राम के अंतिम दिवस उन्होंने कहा कि गुरु वशिष्ठ की तरह परम पूज्य राजेश्री महन्त महाराज का सानिध्य इस कार्यक्रम को मिला यह उनकी कृपा से ही सफल हो सका। महाराज जी कार्यक्रम के आयोजक भी हैं और एक आसन पर बैठकर पूरे दिनों तक कथा का श्रवण किये ऐसे श्रोता दुर्लभ हैं।
समापन अवसर पर राजेश्री महन्त जी महाराज ने किया संबोधित
कार्यक्रम के समापन के अवसर पर महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त जी महाराज ने कहा कि -यह कार्यक्रम परम पूज्य गुरुदेव राजेश्री महन्त वैष्णव दास जी महाराज के पावन स्मृति में विगत 30 वर्षों से अनवरत आयोजित होते आ रहा है। इस मंच पर देश के जाने-माने ख्याति लब्ध आचार्यों ने पधार कर कार्यक्रम को गौरव प्रदान किया है। अयोध्या से पधारे हुए अनंत श्री विभूषित श्री स्वामी सियाराम शरण दास जी महाराज ने हम सभी को कथा सुना कर आनंदित किया है, उनकी जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
ट्रस्ट कमेटी के सदस्यों ने किया सम्मान
समापन अवसर पर व्यास पीठ पर विराजित आचार्य जी का ट्रस्ट कमेटी के सदस्यों के द्वारा शाल, श्रीफल, पुष्पमाला से सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की गई। सम्मानित करने वालों में ट्रस्ट कमेटी के सदस्य विजय कुमार पाली, रामकृष्ण पाली, अवनींद्रनाथ ठाकुर, विनोद मंगल अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, सुखराम दास जी, रामछबि दास जी आदि के नाम उल्लेखनीय हैं।
अनेक गणमान्य नागरिक गण हुए सम्मिलित
कार्यक्रम के समापन के अवसर पर पूर्व विधायक रामलाल चौहान, पूर्व विधायक पिंकी ध्रुव, छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल सहित अनेक प्रतिष्ठित नगरीक इसमें सम्मिलित हुए।
प्रेस समाचार की कॉपी एवं एल्बम भेंट किया गया
छत्तीसगढ़ धर्म संपन्न राज्य है यहां के लोग आध्यात्मिकता से ओतप्रोत हैं। श्री दूधाधारी मठ में आयोजित कार्यक्रम का समाचार राज्य एवं अन्य राज्यों के अनेक स्थानों से एक साथ प्रकाशित हो रहे थे। उनका संकलन करके एक प्रति एल्बम सहित आचार्य जी को भेंट किया गया, इससे आचार्य जी काफी प्रसन्न हुए।



