जांजगीर-चांपा में ACB की बड़ी कार्रवाई: पटवारी 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने पुटपुरा और धाराशिव गांव के प्रभारी पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी बालमुकुंद राठौर, एक किसान से खाता दुरुस्ती के एवज में 20 हजार रुपए की मांग कर रहा था।
आज दोपहर जांजगीर जिले के पुटपुरा गांव स्थित पटवारी कार्यालय में एसीबी की टीम ने छापा मारा और पटवारी बालमुकुंद राठौर को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा।

शिकायतकर्ता सत्येंद्र कुमार राठौर, जो कि जांजगीर की पुरानी बस्ती का निवासी है, ने ACB को दी शिकायत में बताया कि उसकी पुश्तैनी 4 एकड़ से अधिक जमीन पुटपुरा गांव में स्थित है। पिछले डेढ़ साल से वह जमीन के खाता सुधार के लिए आवेदन दे रहा था, लेकिन पटवारी उसे लगातार टालता रहा और आखिरकार 20 हजार रुपए की मांग की।
शिकायत की पुष्टि के बाद ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। सत्येंद्र ने आज दोपहर 12 बजे पटवारी कार्यालय पहुंचकर कैमिकल लगे नोटों के साथ पैसे सौंपे, जिसके तुरंत बाद टीम ने छापा मारा और पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
ACB थाना प्रभारी योगेश कुमार राठौर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बरामद नोटों को जब्त कर विधिवत जांच जारी है।



