CG News : सक्ती जिले में 10 करोड़ का प्रोजेक्ट बना मज़ाक, जनता भड़की — कौन देगा जवाब?

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा नगर पंचायत में करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे गौरवपथ निर्माण में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। गुणवत्ताहीन निर्माण की पोल उस समय खुल गई, जब निर्माणाधीन नाली के ऊपर से गुजर रहा ठेकेदार का रोड रोलर सड़क में धंस गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गौरवपथ निर्माण शुरू होने के बाद से ही सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। मगर जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार ने अनदेखी की।
विधायक की सिफारिश पर मिली थी मंजूरी
जानकारी के मुताबिक, इस गौरवपथ परियोजना को चन्द्रपुर विधायक रामकुमार यादव की सिफारिश पर स्वीकृति मिली थी। लेकिन भ्रष्ट अफसरों और ठेकेदार की मिलीभगत ने सड़क की हालत ऐसी कर दी कि निर्माण के बीच में ही सड़क दरकने लगी।
भ्रष्टाचार का गड्ढा बना गौरवपथ
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार ने घटिया सामग्री का उपयोग किया। साथ ही सड़क की गहराई और बेस लेयर की गुणवत्ता भी मानकों के विपरीत रखी गई। नतीजा, भारी रोड रोलर की मार भी सड़क सहन नहीं कर सकी और नाली के ऊपर ही धंस गया।
जनता में आक्रोश
घटना के बाद डभरा नगरवासियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से करोड़ों की लागत बर्बाद हो रही है। साथ ही यह सवाल भी खड़े हो रहे हैं कि क्या जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई होगी या ये मामला भी दबा दिया जाएगा?



