IB डायरेक्टर तपन कुमार डेका का कार्यकाल बढ़ा, अब 2026 तक संभालेंगे जिम्मेदारी

नई दिल्ली : भारत सरकार ने इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के निदेशक तपन कुमार डेका का कार्यकाल एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया है। पहले वह 30 जून 2025 को सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन अब वह 30 जून 2026 तक इस पद पर बने रहेंगे। मोदी सरकार ने यह फैसला देश की आंतरिक सुरक्षा में उनके उल्लेखनीय योगदान और व्यापक अनुभव को ध्यान में रखते हुए लिया है।
कौन हैं तपन कुमार डेका?
तपन कुमार डेका 1988 बैच के हिमाचल प्रदेश कैडर के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी हैं। वह देश के खुफिया तंत्र के एक अत्यंत अनुभवी और दक्ष अधिकारी माने जाते हैं। कश्मीर, पूर्वोत्तर भारत और आतंकवाद विरोधी अभियानों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वर्ष 2022 में उन्हें आईबी निदेशक नियुक्त किया गया था, और तब से वह देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े कई अहम मामलों को संभालते आ रहे हैं। उनके नेतृत्व में आईबी ने कई सफलताएं हासिल की हैं।



