गुटखा फैक्ट्री पर सेंट्रल DGGI की रेड, 12 सदस्यीय टीम ने 2 मशीनें और 30 बोरा गुटखा किया जब्त

दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में DGGI की टीम ने रविवार को कुम्हारी के स्टेशन चौक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री और गोदाम में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली दो मशीनें और करीब 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया है। बताया जा रहा है कि यहां सितार कंपनी के नाम से गुटखा तैयार किया जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक DGGI को कुम्हारी क्षेत्र में कथित तौर पर नियमों के विपरीत गुटखा निर्माण किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद करीब 10 से 12 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम तीन वाहनों में मौके पर पहुंची। टीम ने फैक्ट्री और गोदाम में मौजूद मशीनों, तैयार गुटखे, अन्य सामान और दस्तावेजों की जांच की।
कार्रवाई के दौरान गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली दो मशीनों को जब्त किया गया। इसके अलावा करीब 30 बोरा तैयार गुटखा भी बरामद किया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार जब्त सामग्री की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। हालांकि इसकी वास्तविक कीमत और संभावित टैक्स देनदारी की जानकारी जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
बताया जा रहा है कि यह गोदाम सुरेश गुप्ता का है। DGGI टीम दस्तावेजों की जांच कर यह पता लगा रही है कि गुटखा निर्माण और बिक्री से जुड़े कारोबार में टैक्स नियमों का पालन किया गया था या नहीं।
कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम जब्त मशीनों और गुटखे को लेकर रायपुर रवाना हो गई। अधिकारियों की जांच और दस्तावेजों के मिलान के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।



