जांजगीर चांपा विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी कौन होगा ? चर्चा का बाजार गर्म…

जांजगीर चांपा विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी कौन होगा ? चर्चा का बाजार गर्म…
जांजगीर-चांपा। कांग्रेस पार्टी में जांजगीर चाम्पा विधानसभा के लिए टिकट को लेकर होड़ मची हुई है।लगभग दर्जन भर से अधिक कॉग्रेस जनों ने टिकट के लिए आवेदन किए हैं। टिकट के हर दावेदार अपने आप को प्रबल मान रहे हैं। जैसे-जैसे चुनावी प्रक्रिया तेज होती जा रही है वैसे-वैसे विधानसभा टिकट को लेकर हलचल तेज होती जा रही है। जिला मुख्यालय की इस सीट पर कॉग्रेस प्रत्याशी को लेकर सर्वाधिक चर्चा है कि इस बार कॉग्रेस का प्रत्याशी कौन होगा ? पिछले 5 चुनाव में कॉग्रेस ने मोतीलाल देवांगन को मैदान में उतारा था जहाँ उन्होंने ने दो बार जीत दर्ज किया था। पिछले चुनाव में उन्हें बसपा के वोट प्रतिशत बढ़ने का खामियाजा भुगतना पड़ा और उन्हें का सामना करना पड़ा। देवांगन पूर्व विधायक होने व ग्रामीण क्षेत्र में अच्छी पकड़ होने के चलते टिकट के लिए फिर मांग कर रहे हैं। तो ऐसे में उन्हें टिकट के स्वाभाविक दावेदार से इंकार नहीं किया जा सकता। पूर्व विधायक मोतीलाल देवांगन के अलावा शिवरीनारायण मठ के मठाधीश व गौसेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री रामसुंदर दास महन्त, इंजी रवि पांडेय, दिनेश शर्मा, व्यास कश्यप, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू,पूर्व जिला पंचायत सदस्य ज्योति किशन कश्यप समेत कई कई कॉग्रेस जन टिकट की मांग कर रहे हैं। शिवरीनारायण मठ के मठाधीश व जैजैपुर के पूर्व विधायक राजेश्री रामसुंदर दास महंत को सरकार में गौसेवा सेवा आयोग विभाग के जिम्मेदारी दी गई थी, जिसका लाभ उन्हें भी पार्टी दे सकती है। युवा नेता व ग्रामीण क्षेत्र में निरतंर सक्रिय रहने वाले इंजी रवि पांडेय पर भी पार्टी विचार कर सकती है। क्षेत्र में लगातार तीन बार जिला पंचायत सदस्य रहे व कॉग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश शर्मा पंचायती राज संगठन से जुड़े होने तथा क्षेत्र में निरंतर सक्रियता का लाभ पार्टी उन्हें भी दे सकती है। पिछले विधानसभा चुनाव में बसपा प्रत्याशी रहे व्यास कश्यप जो वर्तमान में कांग्रेस में आ चुके हैं और वे मंडी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सम्हाल रहे है। जातिगत समीकरण को देखते हुए पार्टी उन पर भी भरोसा कर सकती है। विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्र से जिला पंचायत चुनाव जीत सदस्य की भूमिका निभा रहे राजकुमार साहू पर भी पार्टी दांव खेल सकती है।इनके सबके अलावा और कई नाम भी है जो टिकट के लिए लगे हुए हैं। वहीं विधानसभा सभा अध्यक्ष डॉ.चरणदास महन्त के नाम को भी दावेदारों से अलग नहीं किया जा सकता। चूँकि डॉ महंत का यह पुराना राजनीतिक क्षेत्र रहा है। और इसी क्षेत्र उन्होंने पहला विधानसभा चुनाव लड़ा था। राजनीति में ऊँट कब किस ओर करवट लेगा,यह कहना फिलहाल जल्दबाजी होगी। दूसरी ओर पखवाड़े भर पूर्व कॉग्रेस कमेटी की ओर से आई पर्यवेक्षक के सामने कॉग्रेस जनों ने स्थानीय प्रत्याशी बनाए जाने की मांग कर कई प्रत्याशियों के मंसूबे पर पानी फेर दिया। बहरहाल जांजगीर चाम्पा विधानसभा में कॉग्रेस पार्टी में टिकट को लेकर कई लोग दावेदारी कर रहे हैं। पर टिकट किसको मिलेगी,यह टिकट घोषणा उपरांत ही स्पष्ट हो पायेगा। अभी तो केवल कयास लगाए जा रहे हैं।



