धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार, मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने तलवारनुमा हथियार के साथ आरोपी को दबोचा, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

जांजगीर-चांपा, 18 अगस्त 2026। सिटी कोतवाली पुलिस ने धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक नग तलवारनुमा धारदार हथियार बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना सिटी कोतवाली की टीम क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग पर रवाना हुई थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रमन नगर नहर पार मेन रोड के पास एक व्यक्ति धारदार हथियार लेकर खड़ा है और वहां से गुजरने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
मुखबिर की सूचना से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यार्क तथा CSP कोतवाली योगिताबाली खापर्डे को अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपी की धरपकड़ कर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के मार्गदर्शन में पुलिस टीम तत्काल रमन नगर नहर पार क्षेत्र के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम कृष्णा यादव उर्फ नानू यादव, पिता राम चरण यादव, उम्र 46 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर-18 रमन नगर, जांजगीर बताया।
पुलिस ने आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक नग तलवारनुमा धारदार हथियार बरामद किया। हथियार को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता थाना प्रभारी सिटी कोतवाली, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद्र राठौर, तोरन डहरिया एवं हजारी लाल मेरसा का विशेष योगदान रहा।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर लोगों में भय उत्पन्न करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।



