छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
धाराशिव गांव में शनिवार रात दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, हथियार, बैट,स्टंप चले, छह आरोपी गिरफ्तार…

जांजगीर-चांपा। जिले के धाराशिव गांव में शनिवार रात दो पक्षों के बीच भीषण संघर्ष हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें तलवार, धारदार हथियार, स्टंप और क्रिकेट बैट तक चल गए। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात करीब 7:30 बजे अभिषेक गोस्वामी एवं दिनेश राठौर उर्फ राजा के बीच किसी बात को लेकर गाली-गलौज हुई। आरोप है कि दिनेश राठौर ने अभिषेक को मोबाइल फोन पर अश्लील भाषा में गालियां दीं, जिसे लेकर अभिषेक ने अपने साथियों को जानकारी दी। इसके बाद रात करीब 8:30 बजे अभिषेक के परिजन और ससुराल वाले दिनेश को समझाने के लिए उसके घर पहुंचे, लेकिन वहां बात और बिगड़ गई।
पहले दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई, लेकिन ग्रामीणों के बीच-बचाव के बाद मामला कुछ समय के लिए शांत हो गया। हालांकि आपसी रंजिश थमी नहीं और अभिषेक गोस्वामी रात में अपने साथियों के साथ दिनेश राठौर के घर दोबारा पहुंचा, जहां दोनों पक्ष फिर भिड़ गए।
इस बार झगड़ा और अधिक उग्र हो गया। चंद्रशेखर नामक युवक ने दिनेश राठौर के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया, वहीं अन्य साथियों ने क्रिकेट बैट और स्टंप से हमला किया। इस हमले में दिनेश राठौर को चोटें आईं। दूसरी ओर, अभिषेक गोस्वामी के गले पर भी गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा अलर्ट हो गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय स्वयं मौके पर पहुंचे और थाना प्रभारी पामगढ़ को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई के निर्देश दिए। मौके की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल धाराशिव गांव पूरी तरह से छावनी में तब्दील हो चुका है।


पुलिस ने दोनों पक्षों के विरुद्ध अलग-अलग चार आपराधिक मामले पंजीबद्ध किए हैं। कार्रवाई करते हुए एक पक्ष के चार आरोपियों और दूसरे पक्ष के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए लगातार गश्त कर रही है।



