किसानों की बहुचर्चित मांग को लेकर भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन… मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी…

किसानों की बहुचर्चित मांग को लेकर भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
सक्ती। भाजपा किसान मोर्चा सक्ती के पदाधिकारियों ने किसानों की बहुचर्चित मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में किसानों के साथ मिलकर भूपेश सरकार के विरोध में उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी। उल्लेखनीय है कि इन दिनों स्थाई विद्युत कनेक्शन नहीं मिलने से जिले के किसानों को सिंचाई के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, खेत में लाखों रुपए खर्च कर बोर करवाने के बाद जिला के किसान अब बिजली कनेक्शन के लिए बिजली कार्यालय के चक्कर काटने को विवश है। किसानों के बिजली की समस्या को किसान मोर्चा सक्ती के जिलाध्यक्ष सोनसाय देवांगन ने समझा और बिजली की समस्या से निजात दिलाने 28 अप्रैल शुक्रवार को किसान मोर्चा सक्ती के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां उन्होंने किसानों को सिंचाई के लिए स्थाई विद्युत कनेक्शन देने की जायज मांग को लेकर राज्यपाल के नाम सक्ती कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना को ज्ञापन सौंपा और वर्षा ऋतु के पूर्व किसानों की बहुचर्चित मांग पूरी नहीं होने पर किसानों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी। ज्ञापन के माध्यम से किसान मोर्चा के अध्यक्ष ने राज्यपाल को बताया है कि प्रदेश में 90% किसान निवासरत है, स्वयं को किसानों का हितैषी बताने वाली भूपेश सरकार ने सत्ता में आने के लिए किसानों से छल किया है, किसानों के हित में काम करने के झूठे वादे कर सत्ता में आई भूपेश सरकार ने किसानों को सिंचाई के लिए नलकूपों में मोटर पंप संचालन हेतु स्थाई विद्युत कनेक्शन देने घोषणा तो किया लेकिन जब सिंचाई के लिए स्थाई विद्युत कनेक्शन देने का समय आया तो सरकार ने अपना मुंह मोड़ लिया हैं। भूपेश सरकार के पास महज कुछ ही महीने शेष हैं, 4 साल का समय बीत चुका है लेकिन राज्य सरकार ने अपना वादा पूरा नहीं किया है। पर्याप्त स्थाई विद्युत कनेक्शन नहीं मिलने से किसानों को फसल की सिंचाई के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, समय पर सिंचाई नहीं होने से किसानों का फसल बर्बाद हो रहा है। किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने वर्षा ऋतु के पूर्व किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त स्थाई विद्युत कनेक्शन आवंटित करने मांग किया है वही मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में किसानों के साथ मिलकर राज्य सरकार के विरोध में उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दिया गया है। इस अवसर पर महामंत्री कृष्ण कुमार गबेल, जिला उपाध्यक्ष गोपी सिंह ठाकुर, जिला संयोजक सचिन सिंह, भाजयुमो उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, सुरेश साहू एवं बहुतायत संख्या में किसान मोर्चा सक्ती के सदस्यगण मौजूद रहे।



