जांजगीर-चांपा। खोखरा के माँ मनका दाई मंदिर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के पांचवे दिन शनिवार को कथावाचक आचार्य दिनेश रोहित चतुर्वेदी ने भगवान विष्णु के वामन अवतार के बारे बताया कि वामन अवतार अपने आप में अद्भुत अवतार था। इसमें श्री विष्णु ने वामन रूप में अवतरित होकर राजा बली के अभिमान को चकनासुर कर पृथ्वी पर दैत्य पराजय का वृतांत श्रवण करवाया।
कथा वाचन के दौरान जब श्री कृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग शुरू हुआ तो नंद के घर आनंद भयो की…. मधुर स्वर लहरियों पर श्रोता झूमने लगे। वसुदेव जब श्री कृष्ण को अपने सिर पर उठाए पांडाल में आए तो पूरा भागवत भक्ति पांडाल गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो की जयकारों से गूंज उठा और वहां मौजूद हर कोई भागवत भक्त श्रीकृष्ण की भक्ति से ओतप्रोत होकर झूमते हुए नजर आए। इस दौरान श्री कृष्ण जन्मोत्सव का माहौल इतना आकर्षक बना कि हर कोई सजे संवरे नन्हे कान्हा की झलक पाने के लिए उतावला नजर आया। कथा मे बड़ी संख्या मे श्रोता उपस्थित रहे।