छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
जांजगीर-चांपा में 20 लाख की बड़ी लूट व अपहरण कांड का खुलासा, मास्टर माइंड सहित 4 आरोपी गिरफ्तार, सायबर टीम एवं चांपा पुलिस को मिली बड़ी सफलता

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के थाना चाम्पा क्षेत्र में हुई 20 लाख रुपये से अधिक की सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस पूरे मामले में सायबर टीम और थाना चाम्पा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से मास्टरमाइंड समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस के अनुसार इस लूट की साजिश करीब दो माह पहले रची गई थी। मास्टरमाइंड योगेश रात्रे ने अपने साथियों के साथ मिलकर अरविंद इंडस्ट्रीज के सुपरवाइजर हरीश देवांगन की रेकी की और पैसे लूटने की योजना बनाई। 09 जनवरी 2026 को आरोपियों ने कोसमंदा तालाब के पास हरीश देवांगन की आंखों में मिर्च पावडर डालकर उसका अपहरण कर लिया और जबरन कार में बैठाकर नकदी से भरा बैग लूट लिया।
इसके बाद आरोपी पीड़ित को मैनपाट ले गए, जहां उसे जान से मारने की नीयत से गहरी खाई में धक्का देकर फरार हो गए। पीड़ित पूरी रात खाई में फंसा रहा और किसी तरह जान बचाकर अगले दिन पुलिस तक पहुंचा। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर सायबर टीम को जांच में लगाया गया। चाम्पा, बलौदा और कोरबा क्षेत्र के करीब 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद संदिग्ध वाहन की पहचान की गई। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों तक पहुंचते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 13 लाख 75 हजार रुपये नगद, अपहरण में प्रयुक्त वेन्यु कार, चाकू, बेसबॉल स्टिक और 5 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस पूरी कार्रवाई में सायबर सेल और थाना चाम्पा पुलिस की अहम भूमिका रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपियों का नाम
01. योगेश रात्रे उर्फ छोटे पिता नरसिंग रात्रे उम्र 32 साल निवासी बिरगहनी थाना जांजगीर
02. जमुना सेवायक पिता गणेश सेवायक उम्र 25 साल निवासी चरणनगर चाम्पा थाना चाम्पा
03. महेश्वर दिवाकर उर्फ छोटे दाउ पिता कांशीराम दिवाकर उम्र 19 साल निवासी चरणनगर चाम्पा
04. अमीर मिरी उर्फ भोलू पिता मनोज मिरी उम्र 25 साल निवासी बिरगहनी थाना जांजगीर
उक्त कार्यवाही प्रभारी सायबर सेल जांजगीर चाम्पा निरीक्षक सागर पाठक थाना प्रभारी चाम्पा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, ASI उमेंद्र मिश्रा, सायबर टीम -स.उ.नि. विवेक कुमार सिंह, प्रआर. विवेक सिंह, प्र.आर. मनोज तिग्गा, राजकुमार चन्द्रा, आर. गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, रोहित कहरा, शाहबाज अहमद, माखन साहू, श्रीकांत सिंह, प्रतीक सिंह, आशुतोष कर्ष का सराहनीय योगदान रहा।



