छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
धनतेरस और दीपावली पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, बाजारों से सराफा दुकानों तक पुलिस की रहेगी पैनी नजर
एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, चौक-चौराहों पर फिक्स पॉइंट और लगातार पेट्रोलिंग से होगी निगरानी

जांजगीर-चांपा। धनतेरस एवं दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़, खरीदारी के लिए उमड़ने वाले लोगों और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जिलेभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की है। जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रमुख बाजारों, सराफा दुकानों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 06 नवंबर 2026 को धनतेरस तथा 08 नवंबर 2026 को दीपावली पर्व मनाया जाएगा। इन दोनों प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में सुबह से देर रात तक खरीदारों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ ही असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने की रणनीति तैयार की है।
एसपी के निर्देशन में जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, सराफा दुकानों, संवेदनशील स्थानों और अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फिक्स पॉइंट निर्धारित कर पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही पेट्रोलिंग टीमों को लगातार भ्रमण कर परिस्थितियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहार के दौरान चोरी, उठाईगिरी, जेबकतरी, वाहन चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरतेगी। बाजारों में संदिग्ध व्यक्तियों और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम नागरिक बिना किसी भय के त्योहार की खरीदारी कर सकें।
सराफा बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी
धनतेरस के अवसर पर सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी के लिए सराफा बाजारों में विशेष भीड़ रहती है। इसे देखते हुए सराफा दुकानों एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की तैनाती रहेगी। पुलिस जवानों को सतर्क रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों और बाजारों में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाएगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने की भी तैयारी
त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ के कारण यातायात प्रभावित होने की संभावना रहती है। इसे देखते हुए पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों पर यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों और राहगीरों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस की नागरिकों से अपील, सतर्क रहकर मनाएं त्योहार
जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि धनतेरस एवं दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाएं। बाजारों में खरीदारी के दौरान अपने पर्स, मोबाइल फोन, आभूषण एवं अन्य कीमती सामानों का विशेष ध्यान रखें। अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक करके ही खड़ा करें और अनजान व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सतर्क रहें।
पुलिस ने आम नागरिकों से यह भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम जांजगीर के मोबाइल नंबर 9479193199 अथवा डायल 112 पर सूचना दें।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस का अमला पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहेगा, ताकि जिलेवासी निर्भय होकर हर्षोल्लास के साथ धनतेरस एवं दीपावली का पर्व मना सकें।



