एकता दौड़ का शुभारंभ नेताजी चौक से किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय एवं भूतपूर्व सांसद कमला देवी पाटले सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। दौड़ नेताजी चौक से प्रारंभ होकर कचहरी चौक होते हुए मुख्य मार्ग से गुजरी और हाईस्कूल मैदान के सामने स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल गार्डन पहुंचकर संपन्न हुई। यहां उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, कुशल नेतृत्व और दूरदर्शिता के बल पर देश की सैकड़ों रियासतों का भारतीय संघ में विलय कर भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके अथक प्रयासों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार मिला। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है।
राष्ट्रीय एकता दिवस के आयोजन का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे तथा देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
एकता दौड़ में शामिल प्रतिभागियों ने संदेश दिया कि भाषा, जाति, धर्म और क्षेत्र की विविधताओं के बावजूद भारत की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात कर देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क, जेल अधीक्षक डी.डी. टोंडर, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, जिला सेनानी योगिता साहू, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, निरीक्षक एवं थाना प्रभारी अजाक सावन कुमार सारथी तथा थाना प्रभारी कोतवाली जयप्रकाश गुप्ता सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से जांजगीर में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।