छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
ग्राम पंचायत कुटरा में काउंटर खोलकर धड़ल्ले से बेची जा रही देसी-विदेशी शराब, तस्करों के घर हर वक्त मौजूद रहता है शराब का पर्याप्त स्टॉक, पुलिस-आबकारी की भूमिका पर उठे सवाल

जांजगीर-चांपा। एक ओर जहां शासकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना के चलते ग्राम पंचायत कुटरा विकास की नई इबारत लिखने की ओर बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर गांव में फल-फूल रहा अवैध शराब कारोबार पूरे क्षेत्र की छवि को दागदार कर रहा है।

हैरानी की बात यह है कि यहां कोई शासकीय देसी-विदेशी शराब दुकान संचालित नहीं है, लेकिन इसके बावजूद एक महिला के घर से बाकायदा “दुकान” की तरह काउंटर लगाकर शराब की खुलेआम बिक्री की जा रही है। वहीं करीब दर्जन भर तस्करों द्वारा शराब की खुलेआम अवैध बिक्री की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, यह कोई नया मामला नहीं, बल्कि लंबे समय से चल रहा संगठित अवैध कारोबार है। शराब तस्करों के घर पर हर वक्त विभिन्न ब्रांड की देसी और विदेशी शराब का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहता है, जिसे वह अपने तय किए गए दामों पर बेचते है। एक महिला द्वारा यहां तक कि दुकान जैसी काउंटर व्यवस्था बनाई गई है, जिससे साफ जाहिर होता है कि यह काम पूरी तरह सुनियोजित तरीके से किया जा रहा है।
“सरकारी दुकान बंद, अवैध दुकान चालू”
जहां एक ओर शासकीय शराब दुकानों में इन दिनों कई ब्रांड की कमी को लेकर मदिरा प्रेमियों में नाराजगी देखी जा रही है, वहीं दूसरी ओर इस अवैध ठिकाने पर हर ब्रांड की शराब आसानी से उपलब्ध होना कई सवाल खड़े करता है। गांव के लोग अब यह जानना चाहते हैं कि इस खुलेआम चल रहे अवैध कारोबार पर आखिर कब कार्रवाई होगी।
पुलिस-आबकारी पर मिलीभगत का आरोप
सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि जब पुलिस और आबकारी विभाग क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने का दावा करते हैं, तो फिर यह कारोबार आखिर किसके संरक्षण में फल-फूल रहा है? क्या जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस पर नहीं पड़ी, या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है।
सप्लाई चैन पर भी उठ रहे हैं गंभीर सवाल
जानकारों का कहना है कि महिला के पास मांग के अनुसार हर ब्रांड की शराब उपलब्ध रहती है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में शराब की सप्लाई कौन कर रहा है? क्या यह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है? यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो यह अवैध कारोबार और भी व्यापक रूप ले सकता है।



