Rajinikanth Jailer 2 Release Date : नया पोस्टर जारी कर मेकर्स ने तोड़ी चुप्पी, तय समय पर ही दुनिया भर में रिलीज होगी सुपरस्टार रजनीकांत की ‘जेलर 2’

मुंबई। ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जेलर’ की शानदार सफलता के बाद फैंस इसके सीक्वल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बन रही और भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत स्टारर ‘जेलर 2’ को लेकर बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर अफवाहें उड़ रही थीं कि इसकी रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया गया है। हालांकि, अब फिल्म के मेकर्स ने इन तमाम अटकलों और अफवाहों पर पूर्ण विराम लगाते हुए सच सामने रख दिया है।
फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी सन पिक्चर्स ने इन अफवाहों को पूरी तरह खारिज करते हुए साफ कर दिया है कि ‘जेलर 2’ अपने पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ही 15 अक्टूबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। दरअसल, इतने बड़े पैमाने पर बन रही इस फिल्म का प्रमोशन मेकर्स द्वारा काफी शांत तरीके से किया जा रहा था, जिसके चलते दर्शकों और सोशल मीडिया पर रिलीज में देरी होने की आशंका जताई जाने लगी थी।

रिलीज की तारीख की आधिकारिक पुष्टि करने के लिए मेकर्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर ‘जेलर 2′ का एक नया और दमदार पोस्टर जारी किया है। इस पोस्टर में सुपरस्टार रजनीकांत हाथ में पिस्टल थामे बेहद ही इंटेंस और आक्रामक अंदाज में नजर आ रहे हैं। पोस्टर के साथ तमिल भाषा में कैप्शन लिखा गया है- “15 अक्टूबर अलप्पारा केलाप्पुरम”, जिसका हिंदी अर्थ ’15 अक्टूबर को हंगामा मचना तय है’ होता है।

मेकर्स धीरे-धीरे फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह बढ़ा रहे हैं। हाल ही में फिल्म का पहला धमाकेदार गाना ‘अला बोलेलो’ रिलीज किया गया था, जिसमें पूर्णा और रजनीकांत की जोड़ी देखने को मिली थी। ‘जेलर 2’ के संगीत निर्देशन की कमान अनिरुद्ध रविचंदर संभाल रहे हैं।
बात करें इस मल्टीस्टारर फिल्म की स्टार कास्ट की तो ‘जेलर 2’ में रजनीकांत के अलावा दक्षिण और बॉलीवुड सिनेमा की कई बड़ी हस्तियां एक साथ नजर आने वाली हैं। फिल्म में शिव राजकुमार, मोहनलाल, एस. जे. सूर्या, ऋतिक रोशन, राम्या कृष्णन, मिर्ना मेनन और योगी बाबू जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं। रिलीज डेट कंफर्म होने के बाद अब रजनीकांत के प्रशंसकों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।



