IPS Shobha Ohatker : रिटायरमेंट के बाद IPS शोभा ओहटकर को बड़ी जिम्मेदारी, कर्मचारी चयन आयोग BSSC की बनीं अध्यक्ष

पटना। बिहार सरकार ने सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी शोभा ओहटकर को बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, वह पदभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक आयोग की जिम्मेदारी संभालेंगी। अपने सख्त प्रशासनिक रवैये के कारण शोभा ओहटकर लंबे समय तक ‘हंटर वाली आईपीएस’ के नाम से चर्चित रही हैं।
सरकार ने यह नियुक्ति बिहार कर्मचारी चयन आयोग अधिनियम, 2002 के प्रावधानों के तहत की है। इसके साथ ही आयोग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी को इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। अब वह केवल अपने मूल विभाग का कार्यभार संभालेंगे।
30 जून 2026 को गृह रक्षा वाहिनी एवं फायर सर्विस के महानिदेशक पद से सेवानिवृत्त होने के बाद शोभा ओहटकर को यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले भी वह कई अहम प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं और केंद्रीय चयन पर्षद की अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं।
माना जा रहा है कि राज्य सरकार के रोजगार और भर्ती प्रक्रिया को तेज करने के लक्ष्य को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया है। सरकार अगले पांच वर्षों में बड़े पैमाने पर रोजगार और नियुक्तियों की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी में है, जिसमें BSSC की भूमिका अहम मानी जा रही है।
गौरतलब है कि इसी वर्ष 6 जनवरी को पूर्व डीजीपी आलोक राज ने BSSC अध्यक्ष पद से कार्यभार संभालने के महज तीन दिन बाद इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद यह पद खाली था। अब शोभा ओहटकर की नियुक्ति के साथ आयोग को नया अध्यक्ष मिल गया है।



