अपराधों से दूर रहकर समाज में निभाएं अपनी महत्वपूर्ण भूमिका : लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल

जांजगीर-चांपा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा के निर्देश एवं तालुका विधिक सेवा समिति जैजैपुर के मार्गदर्शन में मंगलवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जैजैपुर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को विभिन्न कानूनी अधिकारों, योजनाओं तथा सामाजिक अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
पैरालीगल वालेंटियर लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल ने विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम-1987 के उद्देश्य, निःशुल्क विधिक सहायता की पात्रता, लीगल एड डिफेंस काउंसिल की भूमिका तथा नालसा की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पॉक्सो अधिनियम, माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम-2007, मोटर यान अधिनियम, साइबर अपराध, बाल विवाह, एफआईआर, संज्ञेय एवं असंज्ञेय अपराधों के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया। साथ ही नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी साझा की।
इस अवसर पर लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल ने छात्र-छात्राओं से अपराधों से दूर रहकर कानून का सम्मान करने और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य नंदलाल साहू ने भी विद्यार्थियों को कानून की जानकारी रखने, सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा अनुशासित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। शिविर में विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



