छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
सहकारिता सप्ताह: खिसोरा समिति में किसानों का सम्मान, वृक्षारोपण और उन्नत कृषि का संदेश, सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने का लिया संकल्प

0 किसानों को KRIBHCO की ओर से उपहार और NPK लिक्विड का निःशुल्क वितरण!
जांजगीर-नवागढ़। जिले में सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित खिसोरा (पंजीयन क्रमांक-1029) में सहकारिता सप्ताह के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे देश में 29 जून से 6 जुलाई तक मनाए जा रहे सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, सहकारिता विभाग के अधिकारी तथा समिति कर्मचारी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं किसानों के अभिनंदन के साथ हुई। इस दौरान सहकारिता के माध्यम से किसानों की आर्थिक उन्नति, आधुनिक खेती को बढ़ावा देने तथा सामूहिक विकास के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि सहकारी समितियां किसानों को समय पर ऋण, खाद-बीज और अन्य कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इस अवसर पर सहकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों और समिति से जुड़े कर्मठ कर्मचारियों का सम्मान किया गया। अतिथियों ने सम्मानित किसानों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। ‘हरित सहकारिता’ अभियान के तहत समिति परिसर में अतिथियों, अधिकारियों और किसानों ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया तथा पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।
किसानों को खेती में नई तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से कृभको (KRIBHCO) कंपनी के सहयोग से उपस्थित किसानों को विशेष उपहार प्रदान किए गए। साथ ही बेहतर उत्पादन और संतुलित पोषण को बढ़ावा देने के लिए किसानों को एनपीके लिक्विड (NPK Liquid) का निःशुल्क वितरण किया गया। कृषि विशेषज्ञों ने इसके उपयोग और लाभों की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम में नोडल अधिकारी अमित साहू, शाखा प्रबंधक रश्मि गुप्ता, पर्यवेक्षक उज्जवल दुबे, सहकारिता विस्तार अधिकारी सुशील सूर्यवंशी, हल्का पटवारी धर्मेंद्र यादव, ग्रामीण विस्तार अधिकारी कल्याण सिंह, कृषि विभाग के एडीओ के.के. दिनकर सहित शिवप्रसाद कश्यप, श्रीनाथ कश्यप, धर्मेंद्र कश्यप, मनहरण पुष्कर, राकेश, अजय, लकेश, रामखिलावन तथा शाखा नवागढ़ अंतर्गत सभी समिति प्रबंधक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में खगेंद्र कश्यप, भानु कश्यप, संतोष कश्यप और रामसाय खूंटे मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्राधिकृत अधिकारी किशोर कश्यप एवं राजकुमार साहू शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति प्रबंधक चन्द्रशेखर सिंह ने की।
कार्यक्रम के अंत में सभी किसानों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त बनाने, आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। आयोजन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए, जिससे कार्यक्रम सफल और प्रेरणादायी रहा।



