छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
ऑल इंडिया थल सेना में उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए प्रथम अधिकारी दिनेश चतुर्वेदी की सराहना

जांजगीर-चांपा। ऑल इंडिया थल सेना प्रतियोगिता 2026 में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ राज्य एनसीसी का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम का सफल नेतृत्व करने पर पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-01 जांजगीर-चांपा के प्रथम अधिकारी दिनेश चतुर्वेदी की टीएससी के डायरेक्ट्रड प्रभारी एवं कमान अधिकारी कर्नल सेंथिल कुमार द्वारा सराहना की गई है। 1 छत्तीसगढ़ एनसीसी बटालियन द्वारा जारी प्रशंसा-पत्र में प्रथम अधिकारी दिनेश चतुर्वेदी के नेतृत्व, दूरदर्शिता एवं प्रतियोगिता के प्रति उनकी समझ की विशेष रूप से प्रशंसा की गई है। उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित ऑल इंडिया थल सेना प्रतियोगिता 2026 में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ राज्य एनसीसी का प्रतिनिधित्व करने वाले दल का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया। उनके कुशल मार्गदर्शन एवं प्रभावी नेतृत्व के परिणामस्वरूप बालक दल ने अखिल भारतीय स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त कर राज्य का गौरव बढ़ाया।
एनसीसी बटालियन ने अपने प्रशंसा संदेश में कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के जीवन स्तर एवं व्यक्तित्व विकास में ऐसे प्रेरित शिक्षक-सह-एसोसिएट एनसीसी अधिकारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रथम अधिकारी दिनेश चतुर्वेदी को जिले में एनसीसी गतिविधियों के स्तर को बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों को निरंतर प्रोत्साहित करने वाला एक आदर्श एएनओ बताया गया है। प्रशंसा-पत्र में संस्था एवं एएनओ को रायपुर ग्रुप कमांडर तथा एडीजी, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय की ओर से भी बधाई एवं सराहना प्रेषित की गई है। बटालियन ने उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए वेलडन कहते हुए उनके नेतृत्व की प्रशंसा की है।
यह उपलब्धि न केवल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-01, जांजगीर-चांपा के लिए गौरव का विषय है, बल्कि जिले के एनसीसी कैडेटों और विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। प्रथम अधिकारी दिनेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में कैडेटों द्वारा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हासिल किया गया यह प्रदर्शन अनुशासन, परिश्रम, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। प्रशंसा पत्र कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी एवं प्राचार्य को प्रेषित किया गया है।



