दिनदहाड़े मौत की दस्तक: घर के आंगन में बुलाकर युवती को मारी तीन गोलियां, इलाज के दौरान तोड़ा दम; हमलावर फरार, पुलिस के सामने बड़ी चुनौती

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार सुबह हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। सक्ती थाना क्षेत्र के ग्राम जोंगरा में दो अज्ञात बदमाशों ने घर के आंगन में खड़ी 25 वर्षीय युवती पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने जिले की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आयुर्वेदिक दवाई का बहाना बनाकर बुलाया, फिर बरसाईं गोलियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जोंगरा निवासी पूर्णिमा चौहान (25 वर्ष) के घर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दो युवक पहुंचे। आरोपियों ने पहले युवती के बड़े भाई से घर की तस्दीक की और पूर्णिमा को बाहर बुलाने को कहा। जब पूर्णिमा घर के आंगन में पहुंची और आने का कारण पूछा, तो एक युवक ने कहा कि उसे आयुर्वेदिक दवाई लेनी है। इसी दौरान उसने अपने पास रखी देसी पिस्टल निकाली और युवती पर लगातार तीन फायर कर दिए। गोलियां पूर्णिमा के माथे और शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी।
गोलियों की आवाज से दहला गांव, अस्पताल में मौत
फायरिंग की आवाज सुनते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक दोनों हमलावर फरार हो चुके थे। परिजनों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। हालांकि कुछ ही देर बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, कई पहलुओं पर जांच
घटना की सूचना मिलते ही सक्ती थाना पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
हत्या के पीछे क्या है वजह? हर एंगल से जांच
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों से पूछताछ के साथ-साथ उस कंपनी के कर्मचारियों और अधिकारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, जहां मृतका कार्यरत थी। पुलिस प्रेम प्रसंग, पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इलाके में दहशत, पुलिस पर बढ़ा दबाव
दिनदहाड़े घर के आंगन में घुसकर युवती की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना से पूरे जोंगरा गांव सहित आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों में घटना को लेकर आक्रोश भी है और पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। वहीं, इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड को लेकर पुलिस पर भी जल्द खुलासा करने का दबाव बढ़ गया है। फिलहाल आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।



