आंधी-तूफान में झुका हाई रेग्युलेशन सीसीटीवी कैमरा, जिला मुख्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय जांजगीर के व्यस्ततम कचहरी चौक में लगाया गया हाई रेग्युलेशन सीसीटीवी कैमरा आंधी-तूफान के बाद टेढ़ा होकर झुक गया है। कैमरे की दिशा बदल जाने से चौक की निगरानी प्रभावित हो रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर लगाए गए हाईटेक कैमरे यदि मौसम की मार भी नहीं झेल पा रहे, तो उनकी उपयोगिता पर पुनर्विचार की जरूरत है।

कचहरी चौक शहर का बेहद संवेदनशील और व्यस्त इलाका माना जाता है, जहां दिनभर वाहनों और लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इसी चौक पर ट्रैफिक नियंत्रण, अपराधों की निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए हाई रेग्युलेशन सीसीटीवी कैमरा लगाया गया था। लेकिन हाल ही में आए तेज आंधी-तूफान के कारण कैमरा एक ओर झुक गया, जिससे उसका फोकस सड़क और मुख्य गतिविधियों से हट गया है।
स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि कैमरे के झुकने से चौक के कई हिस्से अब निगरानी से बाहर हो गए हैं। ऐसे में यदि कोई दुर्घटना, चोरी, झगड़ा या अन्य आपराधिक घटना होती है, तो फुटेज का सही उपयोग नहीं हो पाएगा। लोगों ने आशंका जताई है कि असामाजिक तत्व इस स्थिति का फायदा उठा सकते हैं।
लोगों का यह भी कहना है कि यदि समय रहते कैमरे की मरम्मत और पुनः सही दिशा में फिटिंग नहीं की गई, तो पूरी सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। खासकर रात के समय चौक की निगरानी कमजोर पड़ने का खतरा बढ़ गया है।
शहरवासियों ने जिला प्रशासन, नगर पालिका और पुलिस विभाग से जल्द कार्रवाई कर कैमरे को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि शहर की सुरक्षा व्यवस्था फिर से मजबूत हो सके।

कचहरी चौक शहर का सबसे व्यस्त क्षेत्र
कचहरी चौक से कलेक्ट्रेट, न्यायालय, बाजार और कई प्रमुख मार्ग जुड़े हुए हैं। यहां हर समय भीड़भाड़ रहती है। ऐसे में सीसीटीवी कैमरे का सही स्थिति में होना सुरक्षा और ट्रैफिक निगरानी के लिए बेहद जरूरी माना जा रहा है।



