Big Tech Attack : टेक पर खतरा, क्या WhatsApp, YouTube और Google हो सकते हैं बंद? ईरान की चेतावनी से बढ़ी चिंता

नई दिल्ली : मिडिल ईस्ट में जारी तनाव अब टेक्नोलॉजी सेक्टर तक पहुंचता नजर आ रहा है। 1 अप्रैल 2026 को ईरान की ओर से करीब 18 अमेरिकी टेक कंपनियों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई, जिनमें Google, Apple और Meta जैसी दिग्गज कंपनियां शामिल हैं। इस घटनाक्रम ने वैश्विक स्तर पर इंटरनेट सेवाओं और डिजिटल सिस्टम को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
विशेषज्ञों के अनुसार, ये कंपनियां केवल ऐप ही नहीं चलातीं, बल्कि पूरी दुनिया का डिजिटल इकोसिस्टम इन पर निर्भर है। Google के जरिए Gmail, YouTube और Maps जैसी सेवाएं संचालित होती हैं, जबकि Meta के प्लेटफॉर्म WhatsApp, Instagram और Facebook से करोड़ों लोग जुड़े हैं। Apple का सिस्टम iPhone यूजर्स के डेटा, ऐप्स और पेमेंट से जुड़ा है। ऐसे में किसी भी तरह का हमला इन सेवाओं को प्रभावित कर सकता है।
आशंका जताई जा रही है कि ईरान सीधे अमेरिका में हमला करने के बजाय मिडिल ईस्ट में मौजूद डेटा सेंटर्स को निशाना बना सकता है। UAE, बहरीन जैसे देशों में कई बड़े सर्वर हब हैं, जहां से क्षेत्रीय और वैश्विक इंटरनेट सेवाएं संचालित होती हैं। इन पर हमला होने की स्थिति में लाखों-करोड़ों यूजर्स प्रभावित हो सकते हैं।
हमला केवल भौतिक रूप से ही नहीं, बल्कि साइबर स्तर पर भी हो सकता है। डेटा सेंटर की बिजली, कूलिंग सिस्टम या नेटवर्क बाधित होने पर सर्वर बंद हो सकते हैं, जिससे सेवाएं अचानक ठप हो सकती हैं। इसके अलावा समुद्र के भीतर बिछी इंटरनेट केबल्स पर असर पड़ने से कई देशों में इंटरनेट की गति धीमी या पूरी तरह बंद हो सकती है।
अगर बड़े स्तर पर डेटा सेंटर प्रभावित होते हैं, तो इसका असर सीधे यूजर्स पर पड़ेगा। WhatsApp पर मैसेज भेजना रुक सकता है, YouTube नहीं चलेगा, Gmail और अन्य क्लाउड सेवाएं बंद हो सकती हैं। डिजिटल पेमेंट और ऑनलाइन कामकाज भी बाधित हो सकते हैं।
आर्थिक स्तर पर इसका प्रभाव और व्यापक हो सकता है। बैंकिंग, ई-कॉमर्स, स्टार्टअप्स और सरकारी सेवाएं क्लाउड पर निर्भर हैं। ऐसे में सेवाएं बाधित होने से लेन-देन प्रभावित होगा और कारोबार पर सीधा असर पड़ेगा।
विशेषज्ञ यह भी चेतावनी दे रहे हैं कि एक डेटा सेंटर के प्रभावित होने से दूसरे सेंटर पर दबाव बढ़ सकता है, जिससे पूरी प्रणाली में चेन रिएक्शन की स्थिति बन सकती है।
भारत जैसे देश में इसका असर और ज्यादा गंभीर हो सकता है, जहां बड़ी आबादी WhatsApp, YouTube और Google जैसी सेवाओं पर निर्भर है। कुछ घंटों की रुकावट भी आम लोगों की दिनचर्या और व्यवसाय पर बड़ा असर डाल सकती है।



