बिलासपुर में सराफा व्यापारी से लाखों की ठगी, राजस्थान के ठग ने लगाया चूना

बिलासपुर : बिलासपुर की सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सराफा व्यापारी के साथ बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, उदयपुर (राजस्थान) निवासी एक शातिर व्यक्ति ने खुद को बड़ा आभूषण व्यापारी बताकर तेलीपारा स्थित ज्वेल्स दुकान संचालक को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाया।
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक मार्च 2024 में कमलेश सोनी नाम का व्यक्ति लीला ज्वेल्स के संचालक तुषार दोशी के पास पहुंचा और व्यापारिक संबंध बनाने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने दावा किया कि वह जेवर बाजार में बेचकर पूरी रकम लौटा देगा, जिससे व्यापारी उसके झांसे में आ गया।
कूरियर से भेजे जेवर, मिले सिर्फ 6,500 रुपये
भरोसे में आकर व्यापारी ने करीब 36 लाख 86 हजार रुपये कीमत के सोने के हार और कंगन कूरियर के माध्यम से उदयपुर भेज दिए। आरोप है कि जेवर मिलते ही ठग ने व्यापारी के खाते में केवल 6,500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए और उसके बाद न तो शेष रकम लौटाई और न ही जेवर वापस किए।
इस तरह करीब 224.670 ग्राम सोने की ठगी सामने आने से सराफा व्यापारियों में चिंता का माहौल बन गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश जारी
धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़ित व्यापारी ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी कमलेश सोनी के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि ठगी की पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके।



