रायपुर में 144 करोड़ का GST घोटाला: फर्जी फर्मों से 26 करोड़ की टैक्स चोरी, कारोबारी अमन अग्रवाल गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में राज्य GST विभाग ने एक बड़े टैक्स घोटाले का भंडाफोड़ करते हुए कारोबारी अमन अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। अमन अग्रवाल अगस्त्य इंटरप्राइजेज और अग्रवाल इंटरप्राइजेज का संचालक है। विभाग की जांच में खुलासा हुआ कि उसने 144 करोड़ रुपये की फर्जी 8खरीद दिखाकर करीब 26 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी की है।
बोगस फर्मों का सहारा लेकर किया फर्जीवाड़ा
GST विभाग की छानबीन में सामने आया कि अमन अग्रवाल ने महावीर इंटरप्राइजेज, धन लक्ष्मी इंटरप्राइजेज, हुसैनी इंटरप्राइजेज, यूनिक इंटरप्राइजेज, अंसारी इंटरप्राइजेज और अगस्त्य इंटरप्राइजेज जैसे नामों से फर्जी कंपनियां खड़ी कीं। इन कंपनियों के जरिये फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) क्लेम किया गया, जिससे शासन को करोड़ों का नुकसान पहुंचा।
मृत व्यक्तियों के नाम पर भी फर्में
इस घोटाले में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि आरोपी ने 2010 में मर चुके लोगों के नाम पर भी फर्में बनाईं, और उनसे 2013 और 2015 में फर्जी खरीद दिखाई गई। यह दर्शाता है कि घोटाले को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया।
कोर्ट में पेशी आज
GST विभाग ने अमन अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है और आज उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां इस घोटाले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच भी तेज़ होने की उम्मीद है। विभाग का कहना है कि टैक्स चोरी में शामिल अन्य व्यापारियों की पहचान भी जल्द की जाएगी।



