CG NEWS : कागजी दावे, जमीनी हकीकत में फेल : उपभोक्ताओं के लिए बीएसएनएल की 5G सेवा अब भी सपना…

घरघोड़ा। बेहतर और सस्ती सेवा के वादे कर उपभोक्ताओं को आकर्षित करने वाली भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) कंपनी अपने ही दावों पर खरी नहीं उतर रही है। चार माह गुजरने के बाद भी घरघोड़ा क्षेत्र में बीएसएनएल की 5जी सेवा शुरू नहीं हो सकी है। उपभोक्ताओं में बढ़ता आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है।
लोगों ने जियो और एयरटेल जैसी निजी कंपनियों की अच्छी सेवाओं को छोड़कर सरकारी कंपनी बीएसएनएल पर विश्वास जताया था। जनवरी में बड़े स्तर पर रजिस्ट्रेशन कराए गए, लेकिन न तो 5G नेटवर्क चालू हुआ और न ही वादे के अनुरूप सुविधाएं मिलीं। इससे उपभोक्ता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
बीएसएनएल ने 30 दिन की वैधता वाली योजना और कम शुल्क का लालच देकर उपभोक्ताओं को अपनी ओर खींचा था। मगर अब स्थिति यह है कि न तो नेटवर्क मिल रहा है और न शिकायत सुनने कोई अधिकारी दफ्तरों में मौजूद रहता है।
घरघोड़ा क्षेत्र में बिजली की समस्या पहले से है। आए दिन बिजली गुल होने से बीएसएनएल का नेटवर्क भी गायब हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कंपनी की बैटरियों की गुणवत्ता बेहद खराब है। बिजली कटते ही नेटवर्क ध्वस्त हो जाता है, जिससे कई जरूरी काम बाधित हो रहे हैं।
उपभोक्ताओं ने कई बार खराब बैटरियों को बदलवाने की मांग की, लेकिन इंजीनियरों का कहना है कि ऊपर से ही आपूर्ति नहीं हो रही है। अब उपभोक्ता अपने निर्णय पर पछता रहे हैं। उन्होंने निजी कंपनियों की सेवा छोड़ी, लेकिन सरकारी कंपनी भी भरोसे पर खरी नहीं उतर सकी।
स्थिति यह है कि उपभोक्ताओं को अब न बीएसएनएल की सेवा मिल रही है और न ही पुराने नेटवर्क की वापसी का रास्ता बचा है। उपभोक्ता खुद को ठगा और असहाय महसूस कर रहे हैं।



