छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
67 छात्राओं को मिली सरस्वती साइकिल, पढ़ाई जारी रखने के लिए किया प्रोत्साहित

जांजगीर-अकलतरा। अकलतरा एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित राजेंद्र कुमार सिंह उच्चतर माध्यमिक शाला में सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत 67 छात्राओं को साइकिल का वितरण किया गया। कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष एवं खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह ने छात्राओं को साइकिल प्रदान की।
इस अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए श्री सौरभ सिंह ने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और वे अपनी पढ़ाई को नियमित रूप से जारी रख सकेंगी। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए निरंतर मेहनत करने और जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए छात्राएं अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन के साथ पढ़ाई करें।
श्री सिंह ने छात्राओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि पढ़ाई के दौरान उन्हें किसी भी प्रकार की आवश्यकता या समस्या आती है तो वे उनसे संपर्क कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल मिलने पर छात्राओं एवं उनके अभिभावकों में भी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में संस्था के उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, सचिव ईश्वर खंडेलिया, सहसचिव पंकज दोशी, कोषाध्यक्ष स्वप्निल जैन, सदस्य अविनाश लाटा, सुशील गुप्ता, निलेश अग्रवाल एवं निखिल कौशिक, शाला के प्राचार्य आर.के. विश्वकर्मा, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा अभिभावक उपस्थित रहे।
साइकिल वितरण कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय तक सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें शिक्षा से जोड़कर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।



