छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पा
जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं के विस्तार को लेकर विधायक ब्यास कश्यप ने मंडल रेल प्रबंधक को सौंपा मांग पत्र…

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने मंडल रेल प्रबंधक, बिलासपुर को मांग पत्र देकर जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की माँग की है। उनका कहना है कि यह स्टेशन जिले के मुख्यालय के नजदीक स्थित है और यहाँ पर्याप्त सुविधाओं का अभाव यात्रियों के लिए असुविधाजनक है। पत्र में उन्होंने चार प्रमुख बिंदुओं पर ध्यान दिलाते हुए स्टेशन के विकास और यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है।
रेल ओवर ब्रिज एवं फुट ओवरब्रिज (FOB) की जरूरत
जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन के पश्चिम केबिन समपार में ओवरब्रिज निर्माण की मांग वर्षो पुरानी है। छ्ग शासन द्वारा बजट में उक्त निर्माण कार्य की स्वीकृति दी जा चुकी है। जिसके निर्माण कार्य में तेजी लानी है। वहीं नहरिया बाबा मंदिर जाने के लिए सैकड़ो भक्त जान जोखिम में डालकर लाईन क्रास करते है। जिसके लिए फुट ओवर ब्रिज की आवश्यकता है।
पश्चिम दिशा में प्लेटफार्म फुट ओवरब्रिज का निर्माण
जांजगीर-नैला स्टेशन के प्लेटफार्म की लंबाई लगभग डेढ़ किलोमीटर है स्टेशन के पूर्व दिशा के प्लेटफार्म में ही फुट ओवर ब्रिज निर्मित है जिसके कारण पश्चिम दिशा के प्लेटफार्म पर उतरने वाले यात्रियों को लगेज के साथ लंबी दूरी तक पैदल चलना पड़ता है। यात्रियों की मांग है कि स्टेशन के पश्चिम दिशा में फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाए।
रोड चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण
जांजगीर-नैला स्टेशन के दोनों और निर्मित एप्रोच रोड अत्यंत जर्जर हो चुकी है मार्ग में बड़े-बड़े गड्ढे हैं जिससे गुजरने वाले आमजनों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है स्टेशन के निकट कोल साइडिंग होने से लगातार भारी वाहनों की आवा जाही बनी रहती है अतः स्टेशन के दोनों ओर से एप्रोच रोड का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण करते हुए नवीन रोड निर्माण कराए जाने की आवश्यकता है।
गोंडवाना एवं साउथ बिहार एक्सप्रेस का ठहराव
विधायक ने जांजगीर-नैला स्टेशन पर गोंडवाना एवं साउथ बिहार एक्सप्रेस का ठहराव करने की माँग भी की है। इन ट्रेनों का ठहराव होने से जिले के यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा, विशेषकर उन लोगों को जो इन ट्रेनों में लंबी दूरी की यात्रा करते हैं। उन्होंने कहा इससे राजधानी रायपुर सहित देश के अन्य महत्वपूर्ण स्थान तक आने-जाने के लिए जांजगीर -नैला स्टेशन में गोंडवाना एवं साउथ बिहार एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग स्थानीय लोगों के द्वारा लगातार की जारी है
विधायक कश्यप ने मंडल रेल प्रबंधक से इन सभी मुद्दों पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। उनका मानना है कि इन सुविधाओं का विस्तार जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन को एक आधुनिक और सुविधाजनक स्टेशन के रूप में विकसित करेगा। इससे यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा और स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों का सामाजिक-आर्थिक विकास भी संभव होगा।



