Reg No. CG-06-0026209
IMG-20250604-WA0015-1
IMG-20250604-WA0014-1
Mukesh tiwari janjgir-champa (26 January 2026) (Page-03).jpg
Mukesh tiwari janjgir-champa (26 January 2026) (Page-02).jpg
Mukesh tiwari janjgir-champa (26 January 2026) (Page-01).jpg
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पा

कुएं में जहरीली गैस के कारण पांच लोगों की हुई मौत, हादसे में मरने वालों में प‍िता और दो बेटे भी शामिल, मुख्यमंत्री ने जताया दुःख, पांच-पांच लाख मुआवजे का ऐलान, बिर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम किकिरदा की घटना…

जांजगीर-चांपा। सक्ती जिले के ग्राम किकिरदा में एक दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि कुएं में गिरी लकड़ी को बाहर निकालने के लिए एक व्यक्ति कुएं में उतरा और वह वापस नहीं आया तो उसे निकालने के लिए बारी-बारी से चार लोग और उतरे और उन सभी की मौत हो गई। इस हादसे में मरने वालों में प‍िता और दो बेटे भी शामिल हैं। आशंका है कि जहरीली गैस के रिसाव से यह हादसा हुआ है। वहीं मुख्यमंत्री विष्‍णु देव साय ने इस घटना पर शोक जताया है और मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
यह पूरी घटना बिर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम किकिरदा की है। बताया जा रहा है कि यहाँ लंबे समय से कुएं का उपयोग नहीं हो रहा था, जिस कारण कुएं को ढंक दिया गया था। जहरीली गैस रिसाव के कारण यह घटना हुई है। इस पूरे मामले को संज्ञान में लेते हुए आसपास लोगों से और भी जानकारी जुटाई जा रही है कि कैसे इतनी बड़ी घटना घट गई। दूसरी ओर, ग्राम किकिरदा की इस घटना से पूरा गांव सकते में है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की सुबह एक लकड़ी कुएं में गिर गई थी, उसे निकालने के लिए रामचरण जायसवाल नामक शख्‍स कुएं में उतरा। अंदर जहरीली गैस से उसका दम घुटने लगा फिर वह पानी में डूब गया। उसे बचाने के लिए पड़ोसी रमेश पटेल नीचे उतरा तो उसका भी दम घुटने लगा। इसके बाद उसके बेटे राजेंद्र और जितेंद्र पटेल कुएं में उतरे तो उनका भी दम घुट गया और वे भी डूब गए। वहीं एक अन्य पड़ोसी टिकेश चंद्रा कुएं में उतरा और उसकी भी मौत हो गई। प्रारम्भिक जाँच में पता चला है कि जहरीली गैस रिसाव के कारण यह घटना हुई है।
 
दम घुटने से मौत होने की आशंका
यह दर्दनाक घटना थाना बिर्रा क्षेत्र के किकिरदा गांव में हुई है। जानकारी के मुताबिक, गांव में एक पुराना कुआं है, जिसे काफी समय से उपयोग में नहीं लाया जा रहा था। गांव के ही लोगों ने पुरानी लकड़ियों का छप्पर बनाकर कुएं को ढक दिया था। बीते कुछ दिनों से क्षेत्र में बारिश और तेज हवा चलने के कारण कुएं के ऊपर बना लकड़ी का छप्पर कुएं के अंदर गिर गया था, जिसे निकालने गांव का एक आदमी कुएं के अंदर गया, जो काफी देर तक वापस नहीं आया। इसके बाद एक एक कर 4 लोग और कुएं में उतरे और वापस बाहर नहीं आ सके। आशंका जताई जा रही है कि काफी दिनों से बंद रहने के कारण कुएं में जहरीली गैस निकलने लगी है, जिसकी चपेट में आने से 5 लोगों की मौत हो गई।
 
घटना में इन पांच लोगों की हुई मौत
जहरीली गैस की चपेट में आने से जिन पांच लोगों की मौत हुई है, उनमें रामचंद्र जायसवाल, रमेश पटेल, जितेंद्र पटेल, राजेंद्र पटेल, टिकेश्वर चंद्र का नाम शामिल है।
 
शवों को देख गांव में मची चीख-पुकार
एसडीआरएफ की टीम ने जब रेस्क्यू शुरू किया तो 10 जवान आक्सीजन किट और सुरक्षा मानकों के साथ कुएं में उतरे। करीब 2 घंटे में रेस्क्यू कर पांचों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया, जिसमें पटेल परिवार के दो सदस्य हैं। इसके अलावा टिकेश्वर चंद्र का शव कुएं से बाहर निकाला गया। टिकेश्वर की तीन महीने पहले ही शादी हुई थी, वहीं आज उसकी पत्नी का जन्मदिन है। पति का शव देखने के बाद पत्नी बेहोश होकर गिर पड़ी। इस घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल छाया हुआ है।
 
हादसे पर सीएम साय ने जताया दुख
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम किकिरदा में कुएं में हुए हादसे में पांच ग्रामीणों की मौत पर दुख जताया है। एक्स पर उन्होंने पांचों मृत ग्रामीणों को श्रद्धांजलि देते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा भी की है।
प्राकृतिक आपदा राशि देने की प्रक्रिया शुरू
ग्राम किकिरदा में हुई इस घटना की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने मौका मुआयना कर घटना की पूरी जानकारी ली है। इसके साथ ही मृतक के परिजनों को प्राकृतिक आपदा राहत योजना के तहत चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि देने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

See also  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशाल कांवड़ यात्रा कार्यक्रम में हुए शामिल, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह एवं विधायक राजेश मूणत भी साथ में रहे उपस्थित, मुख्यमंत्री ने प्रदेश वासियों की सुख समृद्धि की कामना की...

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!