छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
2 अक्टूबर के शुष्क दिवस से पहले अकलतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घर के तहखाने से 184 लीटर अवैध शराब जब्त

जांजगीर-चांपा। 2 अक्टूबर को शुष्क दिवस के दौरान अवैध शराब की बिक्री की तैयारी कर रहे एक आरोपी के मंसूबों को अकलतरा पुलिस ने नाकाम कर दिया। पुलिस ने वार्ड क्रमांक 12, गुरुघासीदास मोहल्ला निवासी टेकूलाल बंजारे (41 वर्ष), पिता परदेशी बंजारे के मकान में दबिश देकर भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब तथा बीयर बरामद की है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की कुल 184 लीटर शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 88 हजार 550 रुपये बताई गई है, जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय (भापुसे) के निर्देशन में 2 अक्टूबर शुष्क दिवस को देखते हुए जिले के थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैंडन यार्ड के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में अकलतरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टेकूलाल बंजारे अपने घर में बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखे हुए है और 2 अक्टूबर के शुष्क दिवस के दौरान इसकी अवैध बिक्री करने की तैयारी में है।
तहखाने और गुप्त कमरों में छिपाकर रखी थी शराब
मुखबिर की सूचना पर अकलतरा पुलिस ने 28 सितंबर को आरोपी के मकान की घेराबंदी कर विधिवत तलाशी एवं रेड की कार्रवाई की। तलाशी के दौरान पुलिस को मकान के भीतर बने तहखाने और गुप्त कमरों में अलग-अलग ब्रांड की शराब छिपाकर रखी मिली। पुलिस ने मौके से 180 एमएल की देशी प्लेन, मसाला शराब के साथ अंग्रेजी व्हिस्की और बीयर की बड़ी खेप बरामद की।
जब्त शराब में मंदिरा शोले ब्रांड की देशी प्लेन शराब की 610 नग, रोमियो देशी प्लेन शराब की 128 नग, सुपर-30 देशी प्लेन शराब की 21 नग, शेरा देशी मसाला शराब की 7 नग, सुपर-30 मसाला शराब की 17 नग शामिल हैं। इसके अलावा जम्मू स्पेशल व्हिस्की की 71 नग, ग्रांड कोलंबिया स्पेशल व्हिस्की की 57 नग, गोवा स्पेशल व्हिस्की की 9 नग, मेकडावल नंबर-1 की 23 नग तथा सिम्बा एक्स्ट्रा बीयर की 22 नग बरामद की गई।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए गवाहों की मौजूदगी में पूरी शराब जब्त की। कुल जब्त शराब की मात्रा करीब 184 लीटर तथा कीमत 88,550 रुपये आंकी गई है।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में अकलतरा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 587/2026 दर्ज करते हुए आरोपी टेकूलाल बंजारे के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर 29 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि शुष्क दिवस के दौरान अवैध शराब की बिक्री और भंडारण को रोकने के लिए जिले में लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन में सूचना तंत्र को मजबूत करते हुए अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शुष्क दिवस का उल्लंघन कर अवैध शराब का निर्माण, संग्रहण, परिवहन अथवा बिक्री करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक जय साहू, सउनि दाउलाल बरेठ, म.प्र.आर. स्वाती गिरोलकर, आरक्षक महेन्द्र राज, शेषनारायण साहू, शैलेन्द्र राठौर, राजेन्द्र कहरा एवं कृष्णा पटेल का सराहनीय योगदान रहा।



