छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
सेवा सेतु के आवेदनों में देरी पर तय होगी जिम्मेदारी, अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक, सड़कों की मरम्मत, रोजगार व लोन मेला तथा सेवा संकल्प अभियान की प्रगति की समीक्षा

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों तथा विभागवार लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए और कार्यों में अनावश्यक विलंब या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
सेवा सेतु पोर्टल के आवेदनों का समय पर करें निराकरण
कलेक्टर ने सेवा सेतु पोर्टल की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों की विभागवार स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शासन की महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं और सुविधाओं का लाभ ऑनलाइन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसलिए पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित आवेदनों की नियमित समीक्षा करें और जिन प्रकरणों में किसी स्तर पर प्रक्रिया लंबित है, उनका तत्काल निराकरण कराया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों को त्वरित और सुगम सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस कार्य में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।
अवैध शराब के निर्माण और भंडारण पर कड़ी कार्रवाई
बैठक में कलेक्टर ने आबकारी विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के ठिकानों को चिन्हांकित कर अभियान चलाया जाए तथा जहां भी अवैध रूप से शराब का निर्माण या भंडारण पाया जाता है, वहां नियमानुसार कार्रवाई के साथ नष्टीकरण की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि अवैध शराब से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराई जाए। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने आबकारी विभाग को मैदानी स्तर पर निगरानी बढ़ाने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए।
सेवा संकल्प अभियान के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अभियान के तहत निर्धारित दायित्वों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिविरों एवं अभियान से जुड़े कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कहा।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ उनके नजदीक उपलब्ध कराना है। इसलिए शिविरों में आने वाले नागरिकों की समस्याओं और आवेदनों का यथासंभव मौके पर निराकरण किया जाए तथा जिन प्रकरणों में आगे की प्रक्रिया आवश्यक है, उनका भी समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्यों की ली जानकारी
बैठक के दौरान जिले में सड़कों की स्थिति को लेकर भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित निर्माण विभागों के अधिकारियों से मरम्मत योग्य सड़कों की संख्या, मरम्मत के लिए की जा रही कार्रवाई, स्वीकृत सड़कों, टेंडर की स्थिति तथा कार्य प्रारंभ होने की संभावित समय-सीमा की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन सड़कों की मरम्मत आवश्यक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। स्वीकृत कार्यों की टेंडर प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो और प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
रोजगार और लोन मेले में अधिक से अधिक हितग्राहियों को जोड़ने पर जोर
कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों में रोजगार मेला और लोन मेला आयोजित करने की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने पंचायत, रोजगार, उद्योग, बैंक सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिविरों में युवाओं, बेरोजगारों, स्व-सहायता समूहों और स्वरोजगार की इच्छुक पात्र हितग्राहियों को विभिन्न रोजगार एवं ऋण योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। पात्र हितग्राहियों को बैंकिंग एवं स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया में सहयोग किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।
लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश
कलेक्टर ने बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने नागरिकों से प्राप्त आवेदनों, शिकायतों और समय-सीमा वाले प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और संबंधित अधिकारी स्वयं इसकी नियमित निगरानी करें।
बैठक में पंचायत, लोक निर्माण, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन, महिला एवं बाल विकास, पशु चिकित्सा, मत्स्य पालन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विभागवार अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और विकास कार्यों में तेजी लाने कहा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



