वार्ड क्रमांक 19 पुरानी सिंचाई कॉलोनी में श्री सिंह वाहिनी मां दुर्गा मंदिर एवं शिव मंदिर समिति का गठन, राहुल सिंह बने अध्यक्ष एवं बजरंग शर्मा को मिली सचिव की जिम्मेदारी

जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय स्थित वार्ड क्रमांक 19 की पुरानी सिंचाई कॉलोनी में लगभग 40 वर्षों से स्थापित श्री सिंह वाहिनी मां दुर्गा मंदिर एवं शिव मंदिर की बेहतर देखरेख, साफ-सफाई एवं समुचित व्यवस्था के उद्देश्य से कॉलोनीवासियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से दोनों मंदिरों की व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए मंदिर समिति का गठन एवं पंजीयन कराने का निर्णय लिया गया।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि लंबे समय से मंदिर की नियमित साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का समुचित संचालन नहीं हो पा रहा था। मंदिर के समय पर नहीं खुलने तथा देखरेख की कमी के कारण श्रद्धालुओं को भी परेशानी होती थी। इसके अलावा मंदिर परिसर में चोरी की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इन सभी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए कॉलोनीवासियों ने एकजुट होकर मंदिर की व्यवस्था को बेहतर बनाने का निर्णय लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से राहुल सिंह को अध्यक्ष तथा बजरंग शर्मा को सचिव नियुक्त करते हुए समिति का गठन किया गया। समिति द्वारा दोनों मंदिरों की साफ-सफाई, नियमित पूजा-अर्चना, सुरक्षा, रखरखाव एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से संचालित करने का निर्णय लिया गया।
समिति के गठन एवं पंजीयन के पश्चात मंदिर की व्यवस्था की जिम्मेदारी समिति को सौंपे जाने पर पुरानी सिंचाई कॉलोनी के लोगों ने हर्ष व्यक्त किया। कॉलोनीवासियों ने उम्मीद जताई कि नई समिति के माध्यम से मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं में सुधार होगा तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
समिति का उद्देश्य मंदिर की धार्मिक गरिमा बनाए रखते हुए सभी कॉलोनीवासियों एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से मंदिर की व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करना है।



