छत्तीसगढ़ की बेटी ने बढ़ाया मान! रायपुर की वसुंधरा यादव का कमाल, देश के 16 श्रेष्ठ शिक्षकों में चयन

छत्तीसगढ़ के शिक्षा जगत के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। रायपुर की शिक्षिका वसुंधरा यादव को प्रतिष्ठित ‘India’s Best Teachers Award 2026’ से सम्मानित किया गया है। देशभर से चुने गए 16 उत्कृष्ट शिक्षकों में जगह बनाकर उन्होंने रायपुर के साथ पूरे छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।यह सम्मान शिव नादर फाउंडेशन और यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड के सैद बिजनेस स्कूल की पहल के तहत प्रदान किया गया है। देशभर से चयनित 16 शिक्षकों को उनकी बेहतर शिक्षण पद्धति, विद्यार्थियों के विकास और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए इस सम्मान से नवाजा गया है।
वसुंधरा यादव वर्तमान में ब्राइटन इंटरनेशनल स्कूल, रायपुर में लॉ और सोशल साइंस की शिक्षिका हैं। विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास पर लगातार काम करने और बेहतर परिणाम दिलाने के कारण उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।उनके विषयों में विद्यार्थियों का प्रदर्शन लगातार अच्छा रहा है। बोर्ड परीक्षाओं में उनके विद्यार्थियों ने 98 से 99 प्रतिशत तक परिणाम हासिल किए हैं, जिसे उनकी शिक्षण क्षमता और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण से जोड़कर देखा जा रहा है।
मुंबई यूनिवर्सिटी से गोल्ड मेडल हासिल किया
वसुंधरा यादव की अपनी शैक्षणिक यात्रा भी उपलब्धियों से भरी रही है। वह मुंबई विश्वविद्यालय की गोल्ड मेडलिस्ट हैं। उन्होंने एलएल.बी., एलएल.एम. और बी.एड. जैसी उच्च शिक्षा हासिल की है।कानून और सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों को विद्यार्थियों के लिए आसान तरीके से समझाने और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
ऑक्सफोर्ड में मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
इस सम्मान की खास बात यह है कि राष्ट्रीय स्तर पर चुने गए शिक्षकों को ऑक्सफोर्ड में विशेष शैक्षणिक और नेतृत्व विकास कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर भी दिया जा रहा है।इस कार्यक्रम के जरिए शिक्षकों को दुनिया में शिक्षा के क्षेत्र में अपनाई जा रही नई पद्धतियों और नवाचारों को समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही वे नेतृत्व और शिक्षण से जुड़े नए अनुभव हासिल कर सकेंगे।
छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का पल
वसुंधरा यादव की उपलब्धि को छत्तीसगढ़ के शिक्षा जगत के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है। उनकी सफलता से परिवार, स्कूल के सहकर्मियों, विद्यार्थियों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।वसुंधरा यादव रायपुर के वल्लभ नगर स्थित प्रियदर्शिनी कॉलोनी की निवासी हैं। वह श्रीमती लक्ष्मी यादव और डॉ. एन.पी. यादव की बेटी हैं।उनकी इस उपलब्धि पर शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभा ने एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाई है।
युवा शिक्षकों और बेटियों के लिए बनीं मिसाल
एक शिक्षिका के तौर पर वसुंधरा यादव की उपलब्धि को खास तौर पर युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। उनकी शैक्षणिक योग्यता, विद्यार्थियों के अच्छे परिणाम और राष्ट्रीय स्तर पर मिले सम्मान ने शिक्षा के क्षेत्र में उनकी पहचान को और मजबूत किया है।‘India’s Best Teachers Award 2026’ में देश के चुनिंदा शिक्षकों के बीच चयन छत्तीसगढ़ के लिए भी गौरव का विषय है। इससे प्रदेश के शिक्षकों और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।



