सड़क मरम्मत में विलंब न करने, स्वीकृत व प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, लंबित प्रकरणों, विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागों की गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर महोबे ने 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों एवं क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के संबंध अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ सौंपे गए दायित्वो का निष्ठापर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आबकारी विभाग सहित संबंधित विभागों को सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब के मामलों में कड़ी कार्रवाई करने तथा लगातार निगरानी एवं जांच अभियान चलाने कहा।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से हितग्राहियों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को प्रतीक्षा सूची में उनकी स्थिति, आवास सर्वे के संबंध में भी लोगों को जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि पात्र परिवार योजना से जुड़ी आवश्यक जानकारी से अवगत हो सकें। कलेक्टर महोबे ने जिले में सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए टेंडर की स्थिति, स्वीकृत कार्यों एवं प्रारंभ किए गए कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने स्वीकृत कार्याें को शीघ्र प्रारंभ करने तथा प्रगतिरत कार्याें में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा कराने कहा।
कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत इस सप्ताह एवं अब तक हुए सोलर इंस्टॉलेशन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़कर लाभान्वित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों, समस्याओं का समय पर निराकरण करना सुनिश्चित करें।
साथ ही स्वच्छता, सेवा सेतु पोर्टल, जल जीवन मिशन सहित अन्य विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा पंचायत, लोक निर्माण, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन एवं विकास, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिय। बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर के तम्बोली, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।