इस अवसर पर महानदी घाट पर महानदी महाआरती का भी आयोजन किया गया। विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ हुई महाआरती से पूरा घाट भक्तिमय वातावरण से भर उठा।
बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने भगवान विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पूरे देश में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाया जा रहा है। राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। उन्होंने भारतीय संस्कृति एवं विरासत को आगे बढ़ाने तथा अखंड भारत के संकल्प के लिए निरंतर कार्य किया है।
विधायक अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। 2047 के विकसित भारत के लिए आपका एक-एक दीप हमारे लिए प्रेरणा है।उन्होंने कहा कि ये दीप केवल प्रकाश के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम हैं।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होना देश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीप’ के रूप में प्रज्वलित किए गए ये दीप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति जनभावनाओं और शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति के साथ ही सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को भी मजबूत करते हैं।
ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी जले दीप
दीपों के प्रज्वलन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा, जनसेवा के संकल्प एवं राष्ट्र निर्माण की यात्रा के प्रति सम्मान और शुभकामनाएं व्यक्त की गईं। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिले के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी ने सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और एकजुटता का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के दौरान जिले में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों, जनजागरूकता कार्यक्रमों तथा जनभागीदारी से जुड़े आयोजनों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सेवा की भावना को सशक्त करते हुए सुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। जिलेवासियों ने भी अपने-अपने घरों में दीप जलाकर इस अभियान में सहभागिता की।