छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
गेमन पुल में तेज बहाव में बही महिला को चांपा पुलिस ने किया सकुशल रेस्क्यू
पुलिस, ग्रामीणों, नाविकों और गोताखोरों की संयुक्त मेहनत से बची महिला की जान, बीडीएम अस्पताल में उपचार जारी

जांजगीर-चांपा। हसदेव नदी के गेमन पुल के पास सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नदी के तेज बहाव में एक महिला के बहकर फंसने की सूचना चांपा पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय ग्रामीणों, नाविकों और गोताखोरों की मदद से पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को नदी के बीच से सकुशल बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार 14 सितंबर की सुबह सूचना मिली कि गेमन पुल (हसदेव नदी) के बीच एक अज्ञात महिला पानी के तेज बहाव में बहकर फंस गई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए चांपा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। नदी में तेज बहाव और महिला के बीच धार में फंसे होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण था। पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों, नाविकों एवं गोताखोरों को साथ लेकर बचाव कार्य शुरू किया।
काफी प्रयास के बाद रेस्क्यू टीम महिला तक पहुंचने में सफल रही और उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाला गया। महिला उस समय जीवित अवस्था में थी, लेकिन उसकी हालत नाजुक थी। पुलिस जवानों ने बिना समय गंवाए महिला को उपचार के लिए बीडीएम अस्पताल चांपा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया।
उपचार के बाद बातचीत की स्थिति में आई महिला
अस्पताल में चिकित्सकों की त्वरित देखरेख और उपचार के बाद महिला की स्थिति में सुधार हुआ। इसके बाद वह बातचीत करने की स्थिति में आई।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम प्रेम कुमारी मसीह बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह चांपा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर रहती है और मांगकर अपना जीवन-यापन करती है।
महिला के अनुसार, वह सोमवार सुबह शौच के लिए हसदेव नदी के किनारे गई थी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह नदी के तेज बहाव में जा गिरी। पानी के तेज बहाव में बहते हुए वह गेमन पुल के बीच नदी में फंस गई।
समय पर पहुंची पुलिस, बच गई जान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से महिला का समय रहते रेस्क्यू किया जा सका। पुलिस, गोताखोरों, नाविकों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से महिला को सुरक्षित बाहर निकालना संभव हुआ। वर्तमान में महिला का बीडीएम अस्पताल चांपा में उपचार जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
चांपा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय ग्रामीणों, नाविकों एवं गोताखोरों के सहयोग से एक महिला की जान बचाई जा सकी। घटना के बाद पुलिस ने नदी किनारे रहने और जाने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि तेज बहाव वाले क्षेत्रों में किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

